Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

धोनी के जन्मदिन पर विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर बनाया ये रिकार्ड

 

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने एक और रिकॉर्ड बना डाला है। हालांकि इस बार यह रिकार्ड क्रिकेट के मैदान पर नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर बनाया है। दरअसल कोहली ने इस साल पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए ट्विटर पर एक तस्वीर के साथ मैसेज पोस्ट किया था। कोहली का धोनी के जन्मदिन पर किया गया यह ट्वीट खेल की दुनिया में सबसे ज्यादा रिट्वीट किया जाने वाला ट्वीट बन गया है।

ट्विटर इंडिया ने सालभर में हुए बड़े घटनाक्रमों में कौन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, किसके ट्वीट्स को लोगों ने सबसे ज्यादा बार रिट्वीट किया, टॉप 10 मेल एंटरटेनर, फीमेल एंटरटेनर समेत बहुत सारी चीजें जारी की हैं। इसी में खेलों की दुनिया में विराट कोहली के ट्वीट को टॉप पर रखा गया है। विराट का धोनी के जन्मदिन पर किया गया ट्वीट 45 हजार बार रिट्वीट किया गया जबकि 4.20 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है।

कोहली ने इस साल सात जुलाई को पूर्व कप्तान धोनी के जन्मदिन पर ट्वीट कर उन्हें बधाई दी थी। इसमें उन्होंने लिखा था, ‘जन्मदिन मुबारक माही भाई। बहुत कम लोग विश्वास और सम्मान का अर्थ समझते हैं और मुझे खुशी है कि कई वर्षों के साथ आपसे मेरी ऐसी ही दोस्ती है। आप हम सभी के लिए एक बड़े भाई जैसे हैं और जैसा कि मैं पहले भी ये बात कह चुका हूं कि आप हमेशा मेरे कप्तान रहेंगे।’

उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों की सूची में पहले नंबर पर है। वह अक्सर फैंस के लिए तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं।