Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नगर निकाय चुनाव में सभी सीटों पर खिलेगा कमल : स्वाती सिंह

-पूर्व मंत्री ने झांसी से महापौर उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य के लिए मांगें वोट

-महिला मोर्चा सम्मेलन में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर साधा निशाना

झांसी। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के तहत झांसी से महापौर उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाने शनिवार को यहां आईं यूपी सरकार की पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने महिला मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार के ऐतिहासिक फैसलों और उपलब्धियों को गिनाया तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों को भी आड़े हाथों लिया। साथ ही यह भी कहा कि यूपी में नगर निकाय की सभी सीटों पर जनता कमल खिलाने जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहीं स्वाती सिंह ने सबसे पहले वीरांगना लक्ष्मीबाई को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन हो चुका है। जब से योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की बागडोर संभाली है, माफिया या तो राज्य छोड़कर भाग गए हैं, या फिर गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांग रहे हैं। माफिया की हिम्मत नहीं है कि किसी से रंगदारी मांग सके।

उन्होंने कहा कि पुलवामा में आतंकी हमले के बाद पीएम ने तत्काल फैसला किया और पड़ोसी देश (पाकिस्तान) पर एयर और सर्जिकल स्ट्राइक हुई। कहा, ‘अगर कोई भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा तो चाहे वह कितना भी बड़ा देश क्यों न हो प्रधानमंत्री उसे सबक सिखाने में देर नहीं करते।’ उन्होंने कहा कि जब तक देश के शासन की बागडोर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ में है किसी भी मां के आंखें नम नहीं होंगी। स्वाती सिंह ने कहा कि प्रदेश में बेटियों व महिलाओं को सुरक्षा का माहौल अगर किसी ने दिया है तो वह योगी जी ने दिया है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं व बेटियों के खिलाफ कुछ भी गलत बोलने पर तत्काल कार्रवाई होती है। ये वह सरकार नहीं है, जहां एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाती थी, भाजपा सरकार में एफआईआर भी लिखी जाती है और कार्रवाई भी होती है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी सबसे ज्यादा भाजपा सरकार पर विश्वास करती है। 2022 के चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कराए गए एक सर्वेक्षण में यह जानकारी सामने आई थी।

स्वाती सिंह ने कहा कि झांसी में एक स्वयं सहायता समूह दूध का काम करता है। प्रधानमंत्री ने मन की बात में कई बार उस समूह की तारीफ की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार उन्हें सम्मानित भी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और युवाओं को सशक्त करने का काम किया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार से सवाल करने पर जनता विपक्षी दलों को जवाब देती है। अब देश और प्रदेश में कोई व्यक्ति विपक्ष के बहकावे में नहीं आता है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति में रसोई में रास्ते समर्थन जुटाने की कला है। जब एक मां, बेटी और बहन किसी बात को ठान लेती है तो उसके बाद पीछे नहीं हटती। आज हमें संकल्प लेना है कि बिहारी लाल आर्य जी को एक लाख से भी ज्यादा वोटों से जिताना है। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद महिलाओं से कहा, ‘पार्टी को जिताना है, ताकि विपक्ष के लोग पानी पी—पी कर भाग जाएं और कहें यहां कुछ नहीं मिलना है और कमल का फूल खिलना है।

उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकताओं ने उस दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना घरों से निकलकर बाहर से आने वाले प्रवासियों की मदद की। उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का भी देहांत हुआ था, लेकिन उन्होंने सबसे पहले अपने राजधर्म का पालन किया और बेटे होने के दायित्व की तिलांजलि देकर अपने पिता की आखिरी यात्रा में भी नहीं गए। उन्होंने अपने पारिवारिक कर्तव्यों का निर्वहन छोड़कर इतना बड़ा त्याग किया। वहीं, गुजरात में प्रधानमंत्री जी की माता का देहांत हो गया था। उस वक्त शायद पूरे देश की भीड़ वहां जमा हो जाती लेकिन उन्होंने किसी को भी नहीं कहा, न वहां आने दिया। दुनिया का सबसे सशक्त नेता होने के बावजूद प्रधानमंत्री ने अकेले अपनी माता का दाह संस्कार किया। उन्होंने कहा कि जब तक मोदी और योगी का राज रहेगा, इस देश की आधी आबादी सशक्त रहेगी।

कार्यक्रम में महापौर उम्मीदवार की पत्नी शान्ति आर्य, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पूर्व महापौर किरण वर्म, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन पुरोहित, गिरिजा तिवारी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा, प्रीति करन, अपर्णा दुबे सोशल मीडिया प्रभारी, कंचन आहूजा, मंजू लता, रीना अधिकार, नीलम समरैया एवं रूबी कुशवाहा आदि शामिल रहे।