Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मछली को चारा खिलाने गईं दो मासूम बहनों की तालाब में डूबने से मौत

 

 

मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी के अंतर्गत बहुती ग्रामसभा के अटारी मजरे में शुक्रवार को मछली को चारा खिलाने गईं एक ही परिवार की दो बच्चियों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए बालिकाओं का अंतिम संस्कार कर दिया।

बहुती ग्रामसभा के अटारी मजरा निवासी किशोर कुमार बिन्द अपने मकान के पीछे लगभग एक सौ मीटर की दूरी पर मछली पालने के लिए तालाब बनवाया है। शुक्रवार की सुबह किशोर कुमार की बड़ी पुत्री अनामिका (7) अपनी छोटी बहन अरांसी (4) के साथ घर से मछलियों को चारा खिलाने के लिए तालाब पर गईं। चारा डालते समय अरांसी का पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरी। उसे डूबते देख अनामिका दौड़कर अरांसी का हांथ पकड़ने लगी लेकिन वह भी संभल नहीं पाई और दोनों पानी में समा गईं। काफी देर बाद अनामिका का छोटा भाई विशाल (5) भी मछलियों को चारा खिलाने तालाब पर पहुंचा तो देखा कि छोटी बहन अरांसी का शव उतराया हुआ था।

विशाल भागकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी अपनी मां को दी। आनन-फानन में परिजन तालाब पर पहुंचे तो अरांसी का शव पानी में उतराया मिला, लेकिन अनामिका नहीं दिखाई दी। ग्रामीणों की सहायता से काफी खोजबीन के बाद अनामिका का शव तालाब से बाहर निकाला गया। परिजनों बगैर पुलिस को सूचना दिए बालिकाओं का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।