Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शादी से इंकार करने पर सिरफिरे युवक ने शादीशुदा महिला को जिंदा जलाया

 

 

नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में सिरफिरे युवक ने शादी से इंकार करने पर एक महिला के कपड़ों में आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में 30 वर्षीय महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मंगलवार देर रात को आरोपित शुक्र बाजार निवासी सोनू उर्फ बेदी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की मानें तो महिला पहले से शादीशुदा है। आरोपित का उसके घर आना जाना था। इसी दौरान आरोपित पीडि़ता से जबरन कोर्ट मैरिज करने की जिद करने लगा। मना करने पर उसने वारदात को अंजाम दे दिया। उत्तम नगर थाना पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़िता पर्वती (30) परिवार के साथ ओम विहार, उत्तम नगर में रहती है। इसके परिवार में पति सनोज कुमार के अलावा चार बेटियां हैं। सनोज प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि पर्वती भी छोटा-मोटा काम करती है। आरोप है कि सोमवार रात को पर्वती घर पर बच्चों के साथ अकेली थी। इस बीच आरोपित सोनू उसके घर पहुंचा। उसने पर्वती से कोर्ट मैरिज करने की जिद की।

पर्वती ने कहा कि वह पहले से शादीशुदा है, इस बात पर आरोपित भड़क गया। उसने पर्वती के साथ मारपीट करने के अलावा उसके कपड़ों में आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे। पड़ोसियों ने पर्वती को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से बाद में उसकी हालत देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार को आरोपित सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही हैं।