Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बारिश के कारण फिर ठप हुई देश की आर्थिक राजधानी, बंद किए गए सभी स्कूल

मुंबई। बारिश ने मुंबई में एक बार फिर से अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। जिसके चलते मुंबई के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

बीएमसी ने एक बयान जारी कर कहा है कि जिन स्कूलों में छात्र पहुंच चुके हैं, उनके प्रधानाचार्यों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और बच्चों को सावधानीपूर्वक घर भेजने की व्यवस्था भी करें। गौरतलब हो मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई व्यवस्था भी चरमरा गई है।

लोगों को एक जगह से दूसरी जगह आने जाने में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि मुंबई में हो रही लगातार तेज बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव भी हो गया है। मुलुंड और माटुंगा स्टेशन के बाहर लगभग एक फुट तक पानी भरा हुआ है। यही नहीं गणपति पंडालों में भी पानी भरना शुरू होगया है। बारिश के कारण मुंबई के वेस्ट्रन एक्सप्रेस वे पर भी भारी जाम लगा हुआ है।