Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, अगर दोहराई 1965-71 वाली गलती तो हो जाएगा बर्बाद

नई दिल्ली। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर से पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है और भारत के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश रचने को लेकर सतर्क किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान से अब बात सिर्फ और सिर्फ पीओके पर ही होगी। उन्होंने यह बात पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही है।

लोगों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा है कि पाकिस्तान सिर्फ आतंकवादी ही पैदा करता है। जो भी आतंकी भारत आएगा, वो वापस लौटकर नहीं जाएगा। उन्होंने साथ ही यह भी कहा है कि पाकिस्तान अपनी पुरानी गलतियों को न दोहराए। वह 1965 और 1971 वाली गलती दोबारा न करे, नहीं तो वह पीओके से तो हाथ धोएगा ही और साथ ही उसका और भी ज्यादा बुरा हाल हो जाएगा।

उन्होंने कहा है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नापाक हरकतों को अंजाम देता है तो फिर उसका अंजाम बहुत ही बुरा होगा। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान पहले आतंकवाद को समाप्त करे, फिर वह भारत से बात करे लेकिन बात सिर्फ पीओके पर ही होगी। उन्होंने साथ ही कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस सदन के अंदर कैसे-कैसे सवाल किए थे। 5 साल बाद जम्मू-कश्मीर स्वर्ग के रूप में दुनिया में जाना जाएगा। उन्होंने कहा है कि धारा 370 के रहते वहां दिव्यांगों के लिए भी कानून नहीं था। उन्होंने कहा है कि अफसोस इस बात का है कि कांग्रेस आज भी हमारे फैसले पर सवाल खड़े कर रही है।