Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हनीट्रैप मामले में कई भाजपा नेता शामिल, मुख्यमंत्री तक पहुंची रिपोर्ट : सज्जन सिंह

 

 

इंदौर। मध्य प्रदेश के हाई प्रोफोईल हनीट्रैप मामले को लेकर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने रविवार को इंदौर में मीडिया से बातचीत में कहा कि हनीट्रैप मामले में भाजपा के कई नेता हैं, जिनकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कमलनाथ तक पहुंच गई है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, वह कितना भी बड़ा नेता या अधिकारी हो, वह बच नहीं पायेगा। उन्होंने कहा कि सभी को मध्यप्रदेश की पुलिस पर विश्वास रखना चाहिए, खासकर उन लोगों को जो हनीट्रैप मामले में सीबीआई की जांच की मांग कर रहे हैं। एसआईटी चीफ संजीव शमी निष्पक्ष जांच कर रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हनीट्रैप मामले की आंच मध्यप्रदेश से लेकर महाराष्ट्र और दिल्ली तक पहुंची है। ऐसे में कई घृणित चेहरे बेनकाब होंगे। इसमें वे महान लोग भी हैं, जो चाल, चेहरे और चरित्र को लेकर भाषण देते हैं। इस मामले में भाजपा के कई लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सभी नामों का संकलन जब तक नहीं हो जाता, तब तक नाम बोलना ठीक नहीं है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री ने एसआईटी को खुली छुट दे रखी है कि बिना किसी की सिफारिश सुने जांच दमदारी से करो। एसआईटी अपना काम कर रही है। उन्होंने बताया कि हनीट्रैप की आरोपित महिलाओं ने अधिकारियों और नेताओं को ब्लैकमेल कर सरकारी टेंडर लिए थे, उसकी रिपोर्ट बन गयी है। इसमें नगरीय निकाय से संबंधित टेंडर लिए गए हैं। अन्य विभागों में भी टेंडर लेने की कोशिश की गई थी। मामले की जांच पूरी होने के बाद सभी सफेदपोश बेनकाब होंगे और उनके खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।