Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोपित चार साल बाद गिरफ्तार

नई दिल्ली। पिता के साथ हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने परिवार को सबक सिखाने की नीयत से चार साल की मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपित ने मासूम की हत्या का भी प्रयास किया।

चार साल पहले हुई वारदात के बाद आरोपित नेपाल फरार हो गया। पुलिस ने एक मुखबिर के जरिये बहला-फुसलाकर आरोपित को दिल्ली बुला लिया। दिल्ली पहुंचते ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान नेपाल निवासी विजय कुमार दमई (49) के रूप में हुई है। 10 अगस्त, 2015 को ओखला इलाके में हुई वारदात के बाद से आरोपित फरार था। दिल्ली पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही है।

मध्य जिले के डीसीपी मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि अगस्त 2015 में हरकेश नगर निवासी नेपाल के दंपति ने अपनी चार साल की बेटी के निजी स्कूल से गायब होने की रिपोर्ट ओखला थाने में दर्ज कराई थी। स्कूल से पता चला कि बच्चे के दादा बच्चे को अपने साथ ले गए हैं। परिवार ने पुलिस को बताया कि दादा कोई और नही नेपाल का ही रहने वाला उनका किराएदार विजय कुमार था। बच्ची उसे प्यार से दादा कहती थी। बच्ची की तलाश शुरू हुई तो बच्ची खून से लथपथ जंगलों में मिली। बच्ची के साथ दुष्कर्म होने के अलावा उसकी हत्या का भी प्रयास किया गया था। वारदात के बाद से आरोपित विजय फरार हो गया। लोकल पुलिस उसकी तलाश करती रही लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने मामले में छह जून 2018 को चार्जशीट भी दाखिल कर दी। इधर आरोपित के नेपाल में होने का पता चला। पुलिस की एक टीम ने अपने मुखबिर को नेपाल भेजकर आरोपित का पता लगवाया।

मुखबिर बार-बार आरोपित से मिलता रहा और आरोपित को भरोसा दिलवाया कि पुलिस ने उसका केस बंद कर दिया है। चूंकि आरोपित टेलर था, इसलिए मुखबिर ने आरोपित से कहा कि दिल्ली में टेलर की काफी जरूरत है। काफी दिन भरोसा दिलवाने के बाद आरोपित दिल्ली आने के लिए तैयार हुआ। शुक्रवार को जैसे ही आरोपित दिल्ली गेट पहुंचा, चांदनी महल थाना पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह लड़की के परिवार की मदद करता रहता था लेकिन उसके पिता ने कई बार उससे गाली-गलौज कर दी। इसका बदला लेने की नीयत से उसने बच्ची को स्कूल से अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में हत्या का प्रयास भी किया। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।