Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बाराबंकी के परिषदीय विद्यालयों में चार हजार लड़कों को बांट दिये गये लड़कियों के जूते

 

 


बाराबंकी। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को जूता-मोजा बांटने में बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ है। यहां चार हजार लड़कों को लड़कियों के जूते बांट दिए गये। जब इस बारे में लड़कों ने शिक्षकों को बताया तो इस लापरवाही की जानकारी सामने आई। अब इन जूतों को वापस करने की कार्रवाई शुरू की गई है।

जिले में कुल 2171 प्राथमिक और 847 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं जिनमें 3 लाख 37 हजार 716 बच्चों का रजिस्ट्रेशन है। इन बच्चों को जूते बांटने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की तरफ से डिमांड भेजी गई थी। इसके बाद जिला मुख्यालय से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जूते भेजे गए, लेकिन इस प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सिरौलीगौसपुर ब्लॉक क्षेत्र के स्कूलों में बांटे गए जूते जब लड़कों ने पहने तो पता चला कि वह तो लड़कियों के जूते हैं। जब इस बारे में स्कूलों से शिकायत मिली तो बीईओ ने बीएसए को जानकारी दी और बच्चों से जूते वापस लिये गये। अकेले सिरौलीगौसपुर ब्लाक क्षेत्र में स्कूलों से चार हजार जूतों की वापसी कराई जा रही है।

इस मामले में सिरौलीगौसपुर ब्लॉक की खंड शिक्षा अधिकारी शालिनी गुप्ता ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब चार हजार लड़कों को जूते इसलिए नहीं मिल सके क्योंकि उनकी जगह पर लड़कियों के जूते आ गए। इस बारे में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को बताया गया है और लड़कियों के जूते वापस करके लड़कों के जूते मंगवाने की कार्रवाई की जा रही है।