Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू और इंदिरा गांधी की तस्वीर शेयर करने में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने की बड़ी गलती, ट्विटर यूजर्स ने लगाई क्लास

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर अक्सर सोशल मीडिया पर दूसरों की गलतियां गिनाते हुए दिखते हैं लेकिन हाल ही में खुद कांग्रेस सांसद शशि थरूर बड़ी गलती कर बैठे। दरअसल उन्होंने अपने इस ट्वीट में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी का जिक्र किया था। साथ ही यह दिखाया था कि किस तरह से कांग्रेसी पीएम की विदेशों में आवभगत की जाती थी।

उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरागांधी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘ये तस्वीर 1954 में अमेरिका की है, जहां पर भारी भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया था। इस भीड़ को जुटाने के लिए किसी स्पेशल पीआर कैंपने की जरूरत नहीं पड़ी थी।’ शशि थरूर इस तस्वीर के माध्यम से हाल ही में ह्यूस्टन में पीएम मोदी के कार्यक्रम हाउडी मोदी पर निशाना साधना चाहते थे।

हालांकि उनकी यह चाल उन्हीं पर भारी पड़ गई और उन्हें लोगों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस तस्वीर में तीन गलतियां कीं। इस तस्वीर को जहां थरूर ने अमेरिका का बताया है, वहीं यूजर्स ने उन्हें बताया कि यह तस्वीर अमेरिका की नहीं बल्कि रूस की है। दूसरी गलती यह कि यह तस्वीर 1954 की नहीं बल्कि 1956 की है। जब प्रधानमंत्री नेहरू के साथ इंदिरा गांधी भी गई थीं।

थरूर की तीसरी और सबसे बड़ी गलती यह थी कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का नाम ही गलत लिख दिया था। जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल किया और नसीहत दी। उन्होंने इंदिरा गांधी को INDIA गांधी लिख दिया था। हालांकि अपनी गलती सामने आने पर थरूर ने अपनी सफाई भी पेश की थी।