Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रोहित शर्मा ने आज ही के दिन किया था ये बड़ा कारनामा, दुनिया रह गई थी हैरान

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए आज का दिन काफी यादगार है। दो साल पहले आज ही के दिन 6 जुलाई 2019 को रोहित ने आईसीसी विश्व कप 2019 में अपना पांचवां शतक लगाया था और टूर्नामेंट के एकल संस्करण में पांच शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।

रोहित ने न केवल श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा के एक वनडे विश्व कप में सर्वाधिक शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ा, बल्कि विश्व कप के इतिहास में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक शतकों के रिकॉर्ड की भी बराबरी की।

रोहित ने 2019 विश्वकप में सिर्फ नौ मैचों में 81.00 के औसत के साथ 648 रन बनाए और टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, इंग्लैंड, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाया था।

रोहित ने विश्व कप 2019 के 44वें मैच में श्रीलंका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। 265 रनों का पीछा करते हुए, सलामी बल्लेबाज ने 94 गेंदों पर 14 चौकों और दो छक्कों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने भी शतक लगाया और 111 रन बनाए। दोनों के प्रदर्शन ने भारत को 43.3 ओवरों में श्रीलंका पर सात विकेट की आसान जीत दिलाई।

रोहित को खेल में बल्ले से उनके योगदान के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। रोहित ने अब तक 227 वनडे, 111 टी20 और 39 टेस्ट खेले हैं। उन्होंने सभी प्रारूपों में 14,748 रन बनाए हैं। 34 वर्षीय दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके नाम एकदिवसीय क्रिकेट में तीन दोहरे शतक हैं।

उन्होंने एकदिनी क्रिकेट में ईडन गार्डन्स में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली, जो 50 ओवर के प्रारूप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.