Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बाढ़ के पानी में डूबा वडोदरा, मदद के लिए आगे आए पठान भाई

वडोदरा। गुजरात का वडोदरा शहर इन दिनों बारिश के पानी में बुरी तरह से डूबा हुआ है। ऐसे में प्रशासन तो लोगों की मदद कर ही रहा है लेकिन उसके साथ ही वडोदरा के पठान भाई भी लोगों की सेवा करने में जुटे हुए हैं। यह पठान भाई कोई और नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान और उनके भाई यूसुफ पठान हैं। यह दोनों भाई वडोदरा में इन दिनों मुसीबत में फंसे लोगों की मदद का काम कर रहे हैं।

यूसुफ पठान और इरफान पठान दोनों ही भाई लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं और बाढ़ के इस माहौल में लोगों को सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। दोनों ही भाइयों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए खाना और रोजमर्रा की जरूरतों का सारा सामान उपलब्ध करवाया है और लगातार मदद कर रहे हैं। यूसुफ पठान की कई तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें वह अपने साथियों के साथ मिलकर खाना बांट रहे हैं।

यही नहीं यूसुफ पठान लोगों को खाना परोसते हुए भी नजर आ रहे हैं। उधर इरफान पठान भी लोगों की मदद करते नजर आ रहे हैं। बताते चलें कि एक महिला ने उनसे सोशल मीडिया पर मदद मांगी थी। जिसने कहा था कि बारिश के चलते लड़कियां हॉस्टल में फंसी हुई हैं और कई दिनों से उनके पास पर्याप्त खाना भी नहीं है। इस ट्वीट में उन्होंने यूसुफ पठान और इरफान पठान को टैग किया था।

जिसके बाद इरफान पठान ने भी तुरंत जवाब दिया और उन्हें मदद का पूरा भरोसा दिया। यही नहीं ट्वीट करने के दो घंटे बाद ही लड़कियों के पास मदद पहुंच गई। बताते चलें कि पठान ब्रदर्स अब भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा नहीं हैं लेकिन वह घरेलू क्रिकेट में अबी सक्रिय हैं। यूसुफ वडोदरी की तरफ से खेलते हैं और आईपीएल में वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं। जबकि इरफान पठान जम्मू-कश्मीर टीम का हिस्सा हैं।