Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

होटल में तीन लोगों ने विवाहिता के साथ किया सामूहिक दुष्कर्म

 

आरा (बिहार)। बक्सर जिले के शहरी इलाके में स्थित विश्वामित्र विहार होटल में एक महिला के साथ गैंग रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला विवाहित है और उसने तीन लोगों पर होटल में गैंग रेप का आरोप लगाया है। गैंग रेप की घटना की सूचना मिलने पर बक्सर पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे हैं और पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

महिला ने गैंग रेप का आरोप जिस व्यक्ति पर लगाया है वह आरा का रहने वाला बताया जाता है। गैंग रेप की घटना बक्सर जिले के औद्योगिक थाना इलाके की है। जहां शहर के विश्वामित्र विहार होटल में एक महिला ने तीन लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी है।

पीड़ित महिला के मुताबिक आरा के एक व्यक्ति ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया है। बताया जा रहा है कि आरा के युवक ने ही पति-पत्नी बताकर होटल में कमरे बुक किया था।

इस घटना को लेकर औद्योगिक थाना के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि महिला की शादी छः साल पूर्व यूपी में बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र में हुई थी। शादी के छः महीने बाद ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया था। महिला वरुणा गांव की रहने वाली बताई जाती है। पीड़िता को मायके वाले भी उसे अपने घर में नहीं रखते हैं।

हालांकि वह महिला होटल के कमरे तक कैसे पहुंची, यह बात लोगों को आश्चर्य में डाल रही है। पीड़ित महिला के होटल तक पहुंचने के मामलों की पुलिस जांच कर रही है। महिला पुलिस की अभिरक्षा में है। उसकामेडिकल कराया जा रहा है।

बक्सर के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। महिला के आरोप के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। महिला थाना की टीम इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही इस पूरे मामले में महिला के आरोप का खुलासा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उधर गुरुवार को बक्सर महिला थाना की पुलिस ने बताया कि महिला और आरोपित एक दूसरे की सहमति से ही होटल में गए थे और अब जो गैंगरेप का आरोप महिला ने लगाया है तो फिलहाल पुलिस उससे अन्य बिन्दुओं पर पूछताछ कर जानकारी ले रही है। आरोपितों की पहचान कर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।