Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शर्मनाक! गैंगरेप के बाद महिला को चलती ट्रेन से फेंका, हालत गंभीर

 

हावड़ा (पश्चिम बंगाल)। हावड़ा-टिकियापाड़ा के बीच एक लोकल ट्रेन में दुष्कर्म के बाद महिला को चलती ट्रेन से धक्का देने का मामला सामने आया है। घायल महिला को हावड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस संबंध में राजकीय रेल पुलिस अथवा आरपीएफ के अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। पुलिस आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
घटना रविवार रात की है, लेकिन मंगलवार को प्रकाश में आई है। बताया गया कि महिला रविवार रात करीब 11:45 बजे हावड़ा से मेचेदा लोकल में चढ़ी थी। उसे पूर्व मेदिनीपुर पटाशपुर थाना क्षेत्र में अपने घर जाना था। वह महिला ट्रेन के डिब्बे में बैठी थी। ट्रेन जब टिकियापाड़ा और दास नगर के बीच थी तभी दरिंदो ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि उस समय ट्रेन के डिब्बे में कोई सुरक्षाकर्मी भी नहीं था और यात्री भी कम थे। दरिंदगी के बाद महिला को धक्का देकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन के किनारे किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनी तो वे दौड़कर वहां पहुंचे और महिला को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। महिला का दाहिना पैर टूट चुका है और सिर में गंभीर चोट लगी है।

अस्पताल के अधीक्षक नारायण चटर्जी ने कहा कि उसकी हालत गंभीर है। चिकित्सा चल रही है, लेकिन फिलहाल वह बात करने की हालत में नहीं है। बताया गया है कि पटासपुर क्षेत्र की निवासी इस महिला की दो बच्चियां हैं। और वह कोलकाता में कपड़ा के कारखाने में काम करती है। जानकारी मिलने पर शालीमार जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस का कहना है कि घटना के 48 घंटे से अधिक बीत चुके हैं। प्राथमिकी दर्ज की गई है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों की पहयान करने कोशिश की जा रही है। राजकीय रेल पुलिस के एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि महिला फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अपराधियों की शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा है।