Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शतक से चूके पांड्‍या, भारत 209 पर ढेर

 हार्दिक पांड्‍या शतक चूके, लेकिन उनके 93 रनों की मदद से भारत शनिवार को द. अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में खराब स्थिति से उबरा। भारत ने दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक पहली पारी में 70 ओवरों में 9 विकेट पर 200 रन बना लिए हैं। जसप्रीत बुमराह 1 और मोहम्मद शमी बगैर खाता खोले क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 286 रन बनाए थे। इस तरह भारत अभी पहली पारी में द. अफ्रीका से 86 रन पीछे है जबकि उसके 1 विकेट शेष हैं।

भारत ने दूसरे दिन सुबह 28/3 से आगे खेलना शुरू किया। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण का पुजारा और रोहित ने संयम के साथ सामना किया। पहले एक घंटे के खेल में इन्होंने मात्र 18 रन जोड़े। भारत को दिन का पहला झटका रबाडा ने दिया जब उन्होंने रोहित को एलबीडब्ल्यू किया।

रोहित को अंपायर ने आउट दिया, जिस पर भारतीय बल्लेबाज ने रिव्यू लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ ही रहा। भारत की उम्मीदें अब चेतेश्वर पुजारा पर टिक गई थी, लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पुजारा 26 रन बनाकर फिलेंडर की गेंद पर दूसरी स्लिप में प्लेसिस को कैच थमा बैठे। अश्विन 12 रन बनाकर फिलेंडर की गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक को कैच थमा बैठे। डेल स्टेन ने रिद्धिमान साहा को खाता भी नहीं खोलने दिया, साहा उनकी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए।

हार्दिक पांड्‍या ने विकट परिस्थिति में भी जबर्दस्त प्रदर्शन किया और 46 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से फिफ्टी पूरी की। 92/7 की विषम स्थिति के बाद हार्दिक पांड्‍या को भुवी का साथ मिला और दोनों ने 99 रनों की महत्वपूर्ण भागीदारी कर स्कोर को सम्मानजनक बनाया। इस साझेदारी के दौरान भुवी ने पांड्‍या का जमकर साथ दिया। वे 25 रन बनाकर मॉर्केल की गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक को कैच थमा बैठे। इसके बाद पांड्‍या भी शतक से चूके और 93 के स्कोर पर रबाडा की बाउंसर पर विकेटकीपर डी कॉ को कैच थमाकर पैवेलियन लौटे। उन्होंने 95 गेंदों का सामना कर 14 चौकों और 1 छक्के की मदद से ये रन बनाए।

इसके पूर्व पहले दिन भारत की शुरुआत बहुत खराब रही थी मुरली विजय मात्र 1 रन बनाकर फिलेंडर की गेंद पर गली में डीन एल्गर को कैच थमा बैठे थे। इसके बाद डेल स्टेन की गेंद को शिखर धवन (16) ने पुल करना चाहा और वे इस शॉट को ठीक से नहीं खेल पाए और स्टेन को रिटर्न कैच दे बैठे। कप्तान विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे मात्र 5 रन बनाकर मोर्ने मॉर्केल के शिकार बने।