Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कद्दावर नेता के साथ विश्व रिकॉर्ड धारी भी थीं सुषमा स्वराज, पति का नाम भी दर्ज है लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में

नई दिल्ली। मोदी सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री रहीं सुषमा स्वराज का बीते मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनीतिक जगत के साथ ही हर क्षेत्र में गम का माहौल बना हुआ है। सुषमा स्वराज अपने निजी जीवन में बेहद सौम्य और सरल स्वभाव की महिला थीं। हालांकि उनका व्यक्तित्व राजनीतिक जीवन में बेहद तेज तर्रार था।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बेहद कम उम्र में ही कर दी थी। जिसकी वजह से वह एक ऐसी महिला राजनेता थीं। जिनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। इस बुक में उनके पति स्वराज कौशल का नाम भी दर्ज है। दरअसल सुषमा स्वराज ने संस्कृत और राजनीति शास्त्र से ग्रेजुएशन करने के बाद ही राजनीति के क्षेत्र में कदम रख दिया था।

उनका भाषण इतना जोरदार और प्रभावी होता था, कि वह बेहद कम उम्र में ही लोकप्रिय होती चली गईं। सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी हिंदी भाषा को बढ़ावा देते हुए वहां इसी भाषा में भाषण दिया। यही नहीं सुषमा स्वराज को हरियाणा के भाषा विभाग की तरफ से आयोजित हिंदी वक्ता प्रतियोगिता में लगातार तीन साल तक श्रेष्ठ वक्ता का खिताब मिला था। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने उन्हें श्रेष्ठ हिंदी वक्ता के तौर पर सम्मानित भी किया था।

इन्ही सब खूबियों के चलते सुषमा स्वराज का नाम पहली महिला सर्वश्रेष्ठ सांसद, किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल की पहली महिला प्रवक्ता, 25 साल में ही हरियाणा सरकार में मंत्री बनने आदि के चलते लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। जबकि उनके पति स्वराज कौशल का नाम सबसे कम उम्र में किसी राज्य का राज्यपाल बनने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह महज 38 साल की उम्र में ही मिजोरम के राज्यपाल बन गए थे।