एसएससी सीजीएल परीक्षा में इस बार एक डिस्क्रिप्टिव पेपर भी होगा, जो आपकी लेखन क्षमता का आंकलन करेगा। 100 अंक का यह पेपर रैंक तय करने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण होगा।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) हर साल कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल एग्जामिनेशन आयोजित करता है, जिसके माध्यम से देश भर में विभिन्न सरकारी विभागों व सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों की भर्ती की जाती है। इस साल आयोग ने परीक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसके पैटर्न में कुछ परिवर्तन किए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इंटरव्यू सेक्शन की समाप्ति के साथ ही परीक्षा के टियर-3 के रूप में एक डिस्क्रिप्टिव पेपर लाया गया है। इस साल यह परीक्षा देने वाले विद्यार्थी इस पेपर को लेकर काफी सशंकित हैं क्योंकि इससे पहले ऐसा कोई पेपर होता ही नहीं था। चलिए देखते हैं कि इस नए पेपर में आप कैसे अच्छा स्कोर कर सकते हैं।
क्या होगा पेपर में?
यह नया डिस्क्रिप्टिव पेपर 100 अंक का होगा और इसे हल करने के लिए आपको केवल 60 मिनट मिलेंगे। नोटिफिकेशन में यह नहीं बताया गया है कि इस पेपर में कुल कितने प्रश्न पूछे जाएंगे। खास बात यह भी है कि यह पेन-पेपर बेस्ड टेस्ट है। यानी आपको सारे उत्तर हाथ से लिखने होंगे। सिलेबस में प्रेसी/ लैटर/ एप्लिकेशन/ एसे राइटिंग शामिल हैं।
रोज अखबार पढ़ें
लिखने की प्रैक्टिस करने से पहले यह जानना जरूरी है कि किस तरह ऐसा लिखें, जिससे आप परीक्षक तक अपनी बात पहुंचा सकें। इसमें अखबार आपकी मदद कर सकते हैं। रोज अच्छे अखबार पढ़ें ताकि आप यह समझ सकें कि प्रभावशाली तरीके से कैसे लिखा जाए।
पहले अपना तर्क तैयार करें
किसी भी विषय पर कुछ लिखने से पहले यह तय कर लें कि उस विषय पर आप कहना क्या चाहते हैं। कागज पर अपने पॉइंट्स लिख लें और फिर इन पॉइंट्स को एक-दूसरे से जोड़ते चलें। इससे आपको यह समझ में आएगा कि उस विषय पर आपके तर्कों का प्रवाह क्या रहेगा। फिर इस आधार पर आप अपना उत्तर लिख सकते हैं।
भाषा हो सही
यह जरूरी नहीं कि आपकी भाषा लालित्यपूर्ण हो। परीक्षक यह देखता है कि क्या आप सही जगह पर सही भाषा का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां आपका शब्द ज्ञान नहीं आंका जाता, बल्कि यह देखा जाता है कि आप भाषा का
इस्तेमाल कैसे करते हैं। इसलिए परीक्षा देते समय इस बात का ध्यान रखें।
लिखने का अभ्यास
एसे, लैटर, प्रेसी आदि लिखने का अभ्यास करते रहें। अभ्यास से आपके भीतर आत्मविश्वास आएगा और यह परीक्षा में आपके बड़े काम आएगा।
मूल्यांकन कराएं
अभ्यास के दौरान जो लिखें, उसका अलगअलग लोगों से मूल्यांकन कराएं। इससे आपको पता चलेगा कि आप कहां कमजोर पड़ते हैं और कहां आपको सुधार करने की जरूरत है। यह पेपर विषयपरक है, इसलिए अलग-अलग लोगों की राय लेने पर आप अलग-अलग नजरियों से वाकिफ होंगे। इससे आपके उत्तर अधिक परिपूर्ण होंगे।
जो जानते हैं, वही लिखें
यह संभव नहीं कि आप किसी विषय के बारे में सब कुछ जानते हों। ऐसे में कई परीक्षार्थी जो मन में आए, लिख देते हैं। यह गलती न करें। जो आप जानते हैं, वही लिखें। केवल उत्तर पुस्तिका के पन्नों भरने के लिए न लिखते चले जाएं।