Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: कान्हा की भक्ति में सराबोर पूरा देश, मथुरा के मन्दिरों में उमड़ा जनसैलाब

धर्म डेस्क: हर साल की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। मथुरा से लेकर दिल्ली और यूपी से लेकर मुंबई तक कान्हा की भक्ति का रंग नजर आ रहा है। कई सालों बाद दो दिन पड़ रही अष्टमी में लोगों का भक्ति समागम खूब दिख रहा है। देश के कुछ हिस्सों में रविवार को तो कई हिस्सों में आज जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इस खास मौके पर कृष्ण मंदिर रौशनी से जगमगा रहे हैं। हर जगह कृष्णभक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है। हालांकि सर्वाधिक उल्लास मथुरा में है।

जन्माष्टमी की रात 12 बजे जब कृष्ण का आगमन होगा, उस समय सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग होगा। भक्तों की हर मनोकामना आज पूरी होगी। 3 सितंबर के दिन रोहिणी नक्षत्र भी है। यह संयोग सालों बाद पड़ रहा है। वहीं इस बार 5245 वर्ष बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्म वाले पांच उत्तम संयोग भी बन रहे हैं। इसलिए इस बार अष्टमी का महत्व और भी खास है।

इस खास मौके पर मुंबई में कुछ ज्यादा ही उत्साह है, जहां गोविंदा टोलियों पर दही हांडी फोड़ने का खुमार देखा जा रहा है। मथुरा में जगह-जगह भगवान कृष्ण के मंदिरों में श्रीकृष्ण भक्तों की भीड़ लगी हुई है। सिलेब्रिटीज से लेकर राजनेता तक सभी श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे दिखाई दिए। जगहों-जगहों पर दही हांडी फोड़ी गईं। वहीं दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में साज-सज्जा के साथ सुबह पहली आरती के साथ कृष्ण जन्म उत्सव की शुरुआत हुई। यहां बड़ी तादाद में भक्त अपने भगवान कान्हा के दर्शन के लिए पहुंचे।

आपको बता दें कि कृष्ण जन्माष्टमी सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है। दूसरे देशों में भी जन्माष्टमी मनाई जा रही है। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भी लोग भगवान कृष्ण की पूजा में लगे हैं। साल 2015 में आया विनाशकारी भूकंप लगभग सब कुछ जमींदोज कर गया था। इसमें ललितपुर का मशहूर श्रीकृष्ण मंदिर भी था। इस साल जन्माष्टमी के दिन इसे दोबारा खोला गया जहां हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने माथा टेका और श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।