Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

ट्विटर की सबसे एक्टिव नेता सुषमा स्वराज को हमेशा याद करेंगे सोशल मीडिया यूजर्स

 

 

नई दिल्ली। देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात निधन हो गया। दिल का दौरा पडऩे पर उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के कार्यों की काफी सराहना हुई थी। सुषमा स्वराज को सोशल मीडिया की नेता भी कहा जाता था। दरअसल उन्होंने आम लोगों की कई समस्याओं की सुध ट्विटर पर ली और उसका त्वरित समाधान भी निकाला। इसके बाद उनकी राह पर पार्टी के अन्य नेताओं ने भी चलना शुरू किया। सुषमा स्वराज लोगों से सीधे सम्पर्क कर उनकी समस्या को सुनने और शीघ्र-अतिशीघ्र उसका हल निकालने को लेकर हमेशा तत्पर रहती थीं। इसलिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में उनकी एक खास जगह थी, जिसे अब शायद ही कोई दूसरा नेता भर पाए।

सुषमा स्वराज को ट्विटर पर 1.3 करोड़ लोग फॉलो करते हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वो खुद किसी को फॉलो नहीं करती थीं। इतना ही नहीं उन्होंने कभी किसी का ट्वीट लाइक भी नहीं किया। उन्होंने आज तक जो भी ट्वीट किए, उनमें अधिकांश लोगों के ट्वीट पर प्रतिक्रिया ही रही। उसमें भी ज्यादातर ट्वीट लोगों की समस्याओं के समाधान से जुड़े हुए थे।

देश के बाहर भी किसी नागरिक के मुश्किल में होने पर सुषमा स्वराज प्राथमिकता के आधार पर उनकी मदद के लिए तैयार रहती थीं। साल 2017 में उनका एक खास ट्वीट अपने आप में चर्चा का विषय बना था। इस ट्वीट में उन्होंने भारतीय लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए लिखा था कि अगर आप मंगल ग्रह पर भी फंस गए हैं तो वहां भी भारतीय दूतावास आपकी मदद करेगा। उनका यह ट्वीट जाहिर करता है कि वह आमजन की फिक्र करने वाली नेता थीं।