Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सुषमा स्वराज के निधन से यूपी में शोक की लहर, राज्यपाल और मुख्यमंत्री गहरा दुख व्यक्त किया

 


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की कद्दावर नेता और पूर्व विदेश मंत्री और सुषमा स्वराज का मंगलवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन का समाचार मिलते से उत्तर प्रदेश में शोक लहर फैल गई। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने की खुशी के बीच आई इस दुखद सूचना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रिपरिषद के कई सदस्यों ने वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने देर रात रात अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती सुषमा स्वराज एक संवेदनशील राजनेता थीं। उन्होंने लम्बे समय तक देश की राजनीति में मुख्य भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीति के एक युग का अंत हो गया।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती सुषमा स्वराज एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वे उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। वे अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे। भारत सरकार की मंत्री के रूप में श्रीमती स्वराज की सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा।

योगी ने कहा कि विदेश मंत्री के तौर पर श्रीमती स्वराज ने विदेशों में भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए स्व. श्रीमती सुषमा स्वराज के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा और सूचना राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का नई दिल्ली में आज देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं।