Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कोहरा बना काल : ग्रेटर नोएडा में खाई में गिरी कार, छह लोगों की मौत, पांच घायल

 

 

नोएडा। गौतमुद्धनगर के दनकौर थाना अंतर्गत रविवार रात करीब 11 बजे घने कोहरे के कारण एक कार अनियंत्रित होकर खेरली नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायालों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मूलतः संभल निवासी महेश (35), किशनलाल (50), नीरेश (17), राम खिलाड़ी (75), मल्लू (12) और नेत्रपाल (40) के रूप में हुई है। दनकौर थाना प्रभारी समरेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसा शनिवार देर रात का है। एक अर्टिगा कार एचआर 55 एबी 9115 सम्भल से दिल्ली आ रही थी। कार में कुल 11 लोग सवार थे। खेरली नहर पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने सभी लोगों को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी के पांच लोगों की हालत गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है।

मृतकों और घायलों में सभी एक-दूसरे के रिश्तेदार और परिचित थे। ये लोग संभल से दिल्ली के एक रिश्तेदार के गृह प्रवेश में सम्मिलित होने जा रहे थे। कोहरा घना होने के कारण कार चालक को नहर दिखाई नहीं दी और पानी में जा गिरी।

इंस्पेक्टर समरेश कुमार सिंह ने बताया कि अर्टिगा कार में अधिकतम सात लोगों के बैठने की व्यवस्था होती है, लेकिन हादसे के समय 11 लोग सवार थे। नहर में गिरने के बाद कार से बाहर आने की जगह न मिल पाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई। अगर नियम का पालन किया जाता तो शायद दुर्घटना इतनी बड़ी न होती।