Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शिवपाल की जनाक्रोश रैली, कहा विकास हमारा मुख्य एजेंडा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठन करने वाले शिवपाल सिंह यादव अपनी पहली जन आक्रोश रैली करने जा रहे है। शिवपाल ने इस रैली के लिए राजधानी की सड़कों को होर्डिंगों से पाट दिया है। पार्टी की तरह जारी पत्र के मुताबिक इस रैली में पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक उपस्थित रहेंगे।

राजधानी के रमाबाई अंबेडकर मैदान में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की अपनी पहली रैली के जरिए इतिहास रचने जा रही है। शिवपाल यादव ने इस रैली को विशाल बनाने के लिए प्रदेश के कोने-कोने से समर्थक को राजधानी में बुलाया है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेता व प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कुछ मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब में कहा, “9 दिसंबर को होने वाली महारैली मुद्दों व जन आक्रोश पर केन्द्रित होगी। यह रैली किसी व्यक्ति विशेष की रैली नहीं होगी, यह रैली जन साधारण के आक्रोश को स्वर देगी, यह रैली जन आकांक्षा को मुखर व मूर्त राजनीतिक सन्दर्भ देगी।” उन्होंने आगे कहा कि देश के सामने, प्रदेश के सामने, नौजवानों के सामने, किसानों के सामने जो चुनौती खड़ी है वह ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह रैली आम लोगों, गरीब , किसान, मजदूर के आक्रोश को स्वर देने के लिए आयोजित की गई है।

अपनी रैली पर और रोशनी डालते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनता में सरकार के खिलाफ, महंगाई के खिलाफ, बेरोजगारी के खिलाफ जो आक्रोश है, यह रैली उसपर है। वर्तमान बदलते संदर्भ में गांव, देश व समाज के हालात बदल गए हैं। तीन दशक पहले जो चुनौतियां थी, तब और अब के हालात में बहुत बदलाव आया है । ऐसे में सामाजिक न्याय की लड़ाई को नए संदर्भ में देखना होगा। हम सामाजिक विकास में पिछड़ गए तमाम जातीय समूहों और वर्गो को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं । समाजवाद और सेकुलरिज्म हमारी पार्टी के दो अभिन्न हिस्से हैं। हम किसानों , नौजवानों , महिलाओं व छात्रों को केंद्र में रखकर समाज,राज्य व राष्ट्र के विकास की रणनीति पर काम करेंगे। सतत और रोजगारपूर्ण विकास हमारा मुख्य एजेंडा है।