Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कांग्रेस के बचाव में आए पित्रोदा, बोले- हमें बांटने का प्रयास कर रही है भाजपा

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले सैम पित्रोदा ने एक बार फिर से भाजपा पर करारा प्रहार किया है। पित्रोदा ने 1984 के सिख दंगों को लेकर शुरू हुई कांग्रेस की आलोचना पर पार्टी का बचाव किया है और साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर यह आरोप लगाया है कि वह इस मामले को उजागर करने के जरिए हमें बांटना चाहते हैं और अपनी पिछले पांच साल की नाकामियों को छिपाना चाहते हैं।

साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का भी बचाव किया है। पित्रोदा ने कहा है कि राजीव गांधी और राहुल गांधी किसी भी संप्रदाय को निशाना नहीं बना सकते। भाजपा की तरफ से हम पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। पित्रोदा ने कहा है कि वह इस आरोप के जरिए अपने पिछले 5 साल की नाकामियों को छिपाना चाहती है। भारत में नई नौकरियां, विकास और समृद्धि लाने के लिए उनके पास कोई दृष्टि ही नहीं है।

गौरतलब हो कि सैम पित्रोदा ने बीते गुरुवार को ट्वीट कर कहा था कि ‘अब क्या है 84 का? आपने पांच साल में क्या किया, उसकी बात करिए। 84 में जो हुआ, वो हुआ।’ वहीं पीएम मोदी ने भी गुरुवार को दिल्ली में एक रैली में कहा था कि कांग्रेस आजकल अचानक न्याय की बात करने लगी है। कांग्रेस को बताना पड़ेगा कि 1984 के दंगों का हिसाब कौन देगा?

वहीं भाजपा की ओर से भी पित्रोदा पर जमकर हमला बोला जा रहा है। भाजपा ने पित्रोदा के 84वाले बयान को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है और कहा है कि पित्रोदा अपने इस बयान के लिए तत्काल माफी मांगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ट्विटर हैंडल से पित्रोदा के बयान की क्लिप शेयर कर लिखा, ‘‘देश मर्डरर कांग्रेस को उसके पापों के लिए माफ नहीं करेगा।’’

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी पित्रोदा के बयान को लेकर कहा है कि ‘‘पित्रोदा का बयान हैरान करने वाला है। कोई भी इसकी उम्मीद नहीं कर सकता। वह (पित्रोदा) कहते हैं कि1984 में नरसंहार हुआ तो क्या हुआ? देश में इस तरह का बयान स्वीकार्य नहीं है।’’