Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उप्र : घर में घुसकर रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

 

प्रयागराज। धूमनगंज थाना के सुबेदारगंज रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार सुबह समाचार पत्र पढ़ रहे रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।

धूमनगंज के कालिंदीपुरम चौराहे के पास सूबेदारगंज रेलवे कॉलोनी निवासी 59 वर्षीय प्रकाश सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह घर में अखबार पढ़ रहा था। इस बीच एक पैदल युवक वहां आया और तमंचा निकाल कर प्रकाश को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर प्रकाश की पत्नी और बच्चे दौड़े तो उन्होंने खून से लहूलुहान पड़ा पाया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने किसी भी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर जांच जारी है। संदिग्ध लोगों की तलाश में दबिश भी दी जा रही है।