Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को मिला भारत रत्न

 

 

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान किया। उनके अलावा सामाजसेवी और जनसंघ के नेता नानाजी देशमुख और गायक, संगीतकार व गीतकार भूपेन हजारिका को मरणोपरांत इस अलंकरण से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति कोविंद ने सर्वप्रथम नानाजी की तरफ से विरेन्द्र जीत सिंह को और डॉ. भूपेन हजारिका की ओर से उनके पुत्र तेज हजारिका को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि भारत का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सर्वोच्च स्तर की राष्ट्रीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस बार इन सम्मानों की घोषणा की गई थी। उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित होने वाली तीनों शख्सियतों के सम्मान में ट्वीट किया था।

मोदी ने नानाजी देशमुख को सच्चे अर्थों में भारत रत्न का हकदार बताते हुए कहा था कि ग्रामीण विकास के लिए नानाजी देशमुख के महत्वपूर्ण योगदान ने हमारे गांवों में रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने के एक नए प्रतिमान की राह दिखाई। वह पिछड़ों के प्रति विनम्रता, करुणा और सेवा का भाव रखते थे। वह सही मायनों में भारत रत्न हैं। 

भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा था कि भूपेन हजारिका के गीत और संगीत पीढ़ियों से लोगों द्वारा सराहे जाते हैं। उनसे समाज में न्याय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश जाता है। उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की संगीत परंपराओं को लोकप्रिय बनाया।

पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि वह एक उत्कृष्ट राजनेता हैं। उन्होंने दशकों तक देश की निस्वार्थ और अथक सेवा की है, जिससे देश के विकास पथ पर एक मजबूत छाप छोड़ी गई है। उनके ज्ञान और बुद्धिमत्ता के समान कुछ ही प्रतिभाएं हैं।

अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, वरिष्ठ भाजपा नेता  लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा केंद्रीय मंत्री रविशरंकर प्रसाद, डा. हर्षवर्धन, प्रकाश जावडे़कर, जेपी नड्डा, रमेश पोखरियाल निशंक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।