Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

तकनीक के बेहतर प्रयोग से पुलिस जनता का विश्वास कर सकती है हासिल : योगी आदित्यनाथ

 

मुख्यमंत्री ने किया एकीकृत आपात सेवा 112 का शुभारंभ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एकीकृत आपात सेवा 112 का शुभारंभ किया। डॉयल 100 भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, सुरक्षा, कानून का राज स्थापित करने में राज्य पुलिस बल की सर्वाधिक भूमिका होती है। देश के सबसे बड़े राज्य, सबसे बड़े पुलिस बल के आधुनिकीकरण के साथ-साथ एक विशेष प्रकार की विशिष्ट पहल की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे आम जन के विश्वास को अर्जित करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए हम आमजन के विश्वास को अर्जित करने में बहुत बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस ने समय के साथ बहुत सुधार किया है। प्रदेश की पुलिस काफी पब्लिक फ्रेंडली होकर आमजन के करीब पहुंची। पुलिस की बेहतर व्यवस्था का उदाहरण कुम्भ और चुनाव का सफल आयोजन है। प्रयागराज कुम्भ और प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन में सभी ने कहा कि पुलिस का व्यवहार अच्छा लगा। प्रयागराज कुम्भ में मौनी अमावस्या स्नान करोड़ों लोगों की उपस्थिति में निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। पुलिस ने हर जगह पर अपनी दक्षता का परिचय दिया। अब जनता की अपेक्षा पर खरा उतरने की जरूरत है। आज की पुलिस को अपने आप को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के अनुरूप ढालने की दिशा में एक बेहतर पहल किये जाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सबसे बड़े पर्व दीपावली के पूर्व उत्तर प्रदेश पुलिस की एकीकृत आपात् सेवा ‘112’ तथा वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा पहल ‘सवेरा’ का एक साथ यहां पर शुभारम्भ होना प्रसन्नता का विषय है। अब लोगों को अलग अलग कार्यों के लिए अलग-अलग नंबर डायल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता था कि किसी ने डायल 100 पर फोन किया तो भौगोलिक स्थिति आदि को देखते हुए हम चाह कर भी समय से पीड़ित व्यक्ति तक समय से नहीं पहुंच पा रहे थे। अब 112 लागू हो जाने से तकनीक के माध्यम से हम कम से कम रिस्पांस टाइम में पीड़ित व्यक्ति तक पहुंच पाएंगे। इस सेवा के आने के बाद आम नागरिकों, व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों आदि को बेहतर सुविधा मिलेगी। हम वरिष्ठ नागरिकों को विशेष तौर पर इससे सहायता दे सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध दंपति अकेले घर में रहते हैं, उन्हें कोई सहारा नहीं है। इस सेवा से उन्हें काफी सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा के लिए की गई पहल की तरह महिला सुरक्षा के लिए पहल करनी चाहिए। एंटी रोमियो स्क्वाएड का महिला सुरक्षा के लिए थाने स्तर पर इस्तेमाल हो। सभी थानों में अलग महिला सेल की भी जरूरत है।
एकीकृत आपातकालीन सेवा 112 के शुभारंभ के सुअवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो संवाद अधिकारी व दो सम्प्रेषण अधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।

पुलिस महानिदेशक ओमप्रकाश​ सिंह ने कहा कि यूपी पुलिस के नए प्रयोगों में एक नई शुरुआत कर रहे हैं। यूपी 100 का नया नाम 112 होगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए सवेरा अभियान की भी शुरुआत कर रहे है। पुलिस महानिदेशक ने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी व वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा की नई पहल ‘सवेरा’ के बारे में बताया। 112 नंबर पर कॉल करने से नेविगेशन में निश्चित लोकेशन मिलेगी। इस सेवा से फायर सर्विसेज, एंबुलेंस और एसडीआरएफ को भी जोड़ा गया है। पुलिस की गाड़ियों और साइन बोर्ड से यूपी 100 का लोगो हटाया जाएगा।