Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बिजनौर : कोर्ट में जज के सामने आरोपी की गोली मारकर हत्या, मुख्तार अंसारी का था करीबी

 

बिजनौर। सीजेएम कोर्ट परिसर में मंगलवार को बसपा नेता अहसान हत्याकांड के मुख्य आरोपित की तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में उसका एक साथी घायल है। इस फायरिंग में जज बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में कोर्ट का मोहिर्रर और एक पुलिस कर्मी भी घायल हुआ है।

पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने बताया कि बीते 28 मई को सम्पति विवाद को लेकर नजीबाबाद थाना क्षेत्र में बसपा नेता अहसान खान और उनके भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपित शहनवाज और दानिश को गिरफ्तार किया गया था। शाहनवाज की गिनती मुख्तार अंसारी के करीबी लोगों में होती थी। मंगलवार दोपहर दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा में दिल्ली पुलिस पेशी के लिए सीजीएम कोर्ट लायी थी। सीजेएम कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही थी, इसी दौरान अचानक अहसान खान के गुर्गों ने फायरिंग कर दी, जिससे कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर अपनी जान के लिए भागने लगे। बदमाशों ने शाहनवाज को कोर्ट के अंदर गोलियों से छलनी कर दिया। कोर्ट के अंदर ताबड़तोड़ 25 से 26 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस घटना में बसपा नेता अहसान की हत्या का दूसरा आरोपित दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया। इस फायरिंग में सीजेएम योगेश कुमार बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि फायरिंग में कोर्ट का मोहिर्रर और एक पुलिस कर्मी भी घायल हुआ है।

इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने बताया कि कोर्ट परिसर में जज के सामने अहसान खान के बेटे शाहिल खान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। हत्यारोपितों के पास से तीन हथियार बरामद किये गए हैं। उन्होंने बताया कि कोर्ट परिसर में हत्या होना गंभीर मामला है।