Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जानिए, अपने रिटायरमेंट के बाद किस क्षेत्र में जाएंगे धोनी!

नई दिल्ली। विश्वकप 2019 के समाप्त होने के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम में महेंद्र सिंह धोनी शामिल नहीं हुए थे। यही नहीं इसके बाद अब दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाली टी20 सीरीज से भी धोनी को बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही अब धोनी के संन्यास की खबरें भी काफी जोर पकड़ने लगी हैं। वहीं धोनी भी इन दिनों क्रिकेट से अलग अलग-अलग लुक में नजर आ रहे हैं और अलग-अलग काम करते नजर आ रहे हैं।

हालांकि अभी इस पर स्थिति साफ नहीं है कि आखिर धोनी कब क्रिकेट से संन्यास लेंगे और उसके बाद अपने जीवन में क्या करेंगे लेकिन इसको लेकर अनुमान लगाए जाने लगे हैं कि आखिर धोनी क्रिकेट से संन्यास के बाद क्या-क्या कर सकते हैं। धोनी की खेल की काबिलियत से तो सभी वाकिफ हैं। उनकी किसी भी खेल को पढ़ने की रणनीति और मैच का पूर्वानुमान उनसे बेहतर कोई और नहीं कर सकता।

ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि धोनी क्रिकेट से संन्यास के बाद टीम के मुख्य कोच के रूप में खेल से जुड़े रह सकते हैं। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी कमेंट्री में भी अपना हाथ आजमा सकते हैं। गौरतलब हो कि अभी सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर, वीरेंदर सहवाग जैसे बड़े-बड़े क्रिकेटर इसी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कैप्टन कूल के भी इसी क्षेत्र में जाने की संभावनाएं लगाई जा रही हैं।

वहीं धोनी के राजनीति में जाने को लेकर भी काफी अनुमान लगाया जा रहा है। गौरतलब हो कि लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे उनके रांची स्थित घर में मुलाकात भी की थी। वहीं हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान ने भी धोनी को भाजपा ज्वाइन करने की सलाह दी थी। ऐसे में उनके राजनीति में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।

हालांकि इन खबरों से अलग धोनी के मैनेजर अरुण पांडेय का कुछ और ही कहना है। उन्होंने एक बार इस सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि धोनी एक बार जब क्रिकेट को अलविदा कह देंगे, तो वह इस खेल से किसी भी तरह से जुड़े नहीं रहेंगे।