Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मजदूर को बांधकर नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता और उसके परिजनों के बार-बार प्रशासन के चक्कर लगाने के बाद पुलिस ने सात दिन बाद तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना 13 जनवरी की रात थाना शहजादनगर क्षेत्र की है। पीड़िता को मेडिकल के लिए अब भेजा गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई है।

शहजादनगर में 13 जनवरी की रात ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूर की नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप किया गया। आरोपियों ने पीड़िता के पिता के हाथ बांधकर तमंचे के बल पर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। 14 जनवरी की सुबह पीड़िता अपने पिता के साथ थाने गई और पुलिस को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

पुलिस पीड़िता के पिता के साथ घटनास्थल पहुंची और थाने में परिजनों से करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद पूरी घटना को ही झूठा बता दिया। इसके बाद पीड़िता और उसके पिता अगले दिन जिलाधिकारी से मिले और पुलिस पर संगीन आरोप लगाते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में मीडिया को बताया।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पटवाई थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने शिकायत की थी। इस सूचना पर हम मौके पर गए थे। पीड़िता और उसके पिता ने बताया था कि शहजाद नगर के भट्टे पर वह काम करते हैं और उनके साथ इस तरह की घटना हुई है। उनसे प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। विवेचना की जा रही है। तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदम दर्ज कर लिया गया है।