Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चुनाव नतीजे आने के बाद ही मिलेंगे चंद्रबाबू नायडू और ममता बनर्जी

कोलकाता। लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए एकजुट हुए विपक्षी दलों ने 23 मई को आने वाले चुनावी नतीजों  के पहले बैठक करने का आयोजन किया था लेकिन अब यह खबर सामने आई है कि यह बैठक अब चुनाव बाद हो सकती है। दरअसल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संयुक्त विपक्ष के नेता और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से कहा है कि अब हम लोग चुनाव के नतीजे आने तक नहीं मिलेंगे।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि 21 मई को होने वाली बैठक भी टाल दी जाए। बताते चलें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चंद्रबाबू नायडू सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट कर रहे हैं। इसी कड़ी में वह अलग-अलग क्षेत्रीय दलों के नेताओं से भी मुलाकात कर रहे हैं। जिसके चलते वह आगामी 21 मई को ममता बनर्जी से भी मुलाकात करने वाले थे लेकिन ममता ने चुनाव के नतीजे आने से पहले मुकालात करने से मना कर दिया है।

उन्होंने 21 मई को होने वाली मीटिंग टालने की बात कही है। गौरतलब हो कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को बंगाल के खड़गपुर में तृणमूल के समर्थन में प्रचार किया था। इससे पहले भी दोनों नेताओं के बीच लगभग 45 मिनट तक मुलाकात हुई थी। इस बैठक में दोनों पार्टियों की ओर से राष्ट्रीय राजनीति के परिदृश्य पर चर्चा हुई थी।

तृणमूल नेता के मुताबिक समझा जाता है कि दोनों ने वीवीपैट के मुद्दे पर और लोकसभा चुनाव के पांच चरणों में अब तक हुए मतदान के बारे में चर्चा की है। वहीं नायडू ने इस दौरान दीदी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में हुई मुलाकात और उस दौरान हुई चर्चा का भी जिक्र किया था।