Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चार साल के बच्चे को तेंदुए ने बनाया निवाला

 

बलरामपुर। हरैया थाना क्षेत्र के भटपुरवा के मजरे कटकुइया गांव में गुरुवार देर रात चार साल के बच्चे को तेंदुए ने हमला कर मार डाला। बच्चे को मां अपने साथ शौच के लिए खेत ले गई थी।

वनकटवा रेंज के जंगल से सटे ग्राम कटकुइया में देर रात विजय कुमार की पत्नी बड़का घर के पास एक गन्ने के खेत के पास शौच के लिए गई थी। अकेले होने के कारण अपने चार साल के पुत्र कमलेश को साथ ले गई थी। मां खेत के मेड़ पर बच्चे को खड़ा करके शौच को चली गई। अचानक गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। बड़का के शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंचे तो तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। तेंदुए के हमले में घायल मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने पेट्रोलिंग शुरु कर दी है।

घटना स्थल पर पहुंचे जिला वनाधिकारी रंजनीकांत मित्तल ने बताया कि एसएसबी व वन विभाग के द्वारा संयुक्त पेट्रोलिंग की जा रही है। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाया गया है। पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाया जायेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।