Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

इस्तीफे पर अड़े राहुल को लालू की नसीहत, कहा- ऐसा करना होगा आत्मघाती

पटना। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के बुरे प्रदर्शन से इन दिनों पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी काफी निराश हैं। उन्होंने इस हार कि जिम्मेदारी खुद ली है और पार्टी से इस्तीफा देने की भी पेशकश की है। हालांकि,  उनका  इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया है, लेकिन कहा जा रहा है कि राहुल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को त्यागने पर अड़ गए हैं। इन सबके बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने राहुल के इस कदम को आत्मघाती करार दिया है।

लालू ने कहा है कि राहुल गांधी का इस्तीफा देना आत्मघाती साबित हो सकता है। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी का इस्तीफा भाजपा के जाल में फंसने जैसा होगा।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने का प्रस्ताव न केवल उनकी पार्टी के लिए आत्मघाती होगा बल्कि यह उन सभी सामाजिक और राजनैतिक ताकतों के लिए भी झटका होगा जो संघ परिवार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं।”

उन्होंने अपने ट्वीट के साथ एक अंग्रेजी समाचार पत्र की लिंक भी पोस्ट की है, जिसमें लालू के साथ बातचीत के अंश प्रकाशित है।

ज्ञात हो कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला केस में विभिन्न मामलों में झेल की सजा काट रहे हैं। फिलहाल वह रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं।

गौरतलब है कि बिहार में भी लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस, राजद समेत विपक्षी दलों के महागठबंधन को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। महागठबंधन को राज्य की 40 में से सिर्फ एक सीट मिली है, जबकि राजद का सूपड़ा साफ हो गया है।