Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मुंबई में रेलवे स्टेशनों, अमिताभ बच्चन के बंगले पर बम रखने की सूचना निकली फर्जी

मुंबई। मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन पर बम रखे जाने संबंधी सूचना के बाद पुलिस ने स्टेशन की तलाशी ली, लेकिन कहीं भी बम न मिलने के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस अब बम रखे जाने की सूचना देने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात को रेलवे कंट्रोल रूम में मुंबई सीएसएमटी स्टेशन पर बम रखे जाने की सूचना एक अज्ञात व्यक्ति ने दी थी। रेलवे कंट्रोल रूम ने यह जानकारी मुंबई पुलिस को ट्रांसफर कर दी। इसके बाद मुंबई पुलिस के जवान और बम निरोधक दस्ता सीएसएमटी स्टेशन पर पहुंचे और पूरे स्टेशन पर बारीकी से छानबीन की। इसी दौरान सूचना देने वाले व्यक्ति ने फिर से फोन कर कहा कि मुंबई सीएसएमटी सहित भायखला व अभिताभ बच्चन के बंगले पर भी बम रखा गया है। मुंबई पुलिस ने उस व्यक्ति को फोन कर जानना चाहा कि बम कहां रखा है, लेकिन अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि उसे जो सूचना मिली थी, वह उसने दे दी है।

इसके बाद सूचना देने वाले व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन ऑफ कर दिया है। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक मुंबई सीएसएमटी स्टेशन पर गहन तलाशी ली लेकिन सूचना सिर्फ अफवाह साबित हुई। हालांकि पुलिस ने यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मुंबई पुलिस गलत सूचना देने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुंबई में ताज होटल व मंत्रालय में बम रखे जाने की झूठी कॉल आयी थी और पुलिस ने इन दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया था।