NBT की खबर के अनुसार,महाराष्ट्र के शहर मुंबई में कोरोना वायरस से संक्रमित एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मुंबई में कोरोना से संक्रमण के बाद मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 16 मार्च को मुंबई के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए एक शख्स की मौत हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को जान गंवाने वाले शख्स तो तबीयत बिगड़ने पर 19 मार्च को मुंबई के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया था।
कई बीमारियों से था ग्रसित
अधिकारियों के अनुसार, 19 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराए गए इस मरीज को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग की परेशानी भी थी। 19 मार्च से ही उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और 21 मार्च की रात करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि शनिवार से ही उन्हें सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे पहले 16 मार्च को मुंबई के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में भी एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई थी।
नहीं की थी विदेश यात्रा
बताया जा रहा है कि शनिवार को जान गंवाने वाले शख्स की ट्रैवल हिस्ट्री में किसी भी विदेश यात्रा की जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि जिस शख्स की मौत 16 मार्च को हुई थी, उनका परिवार दुबई से मुंबई वापस आया था। इस परिवार के अन्य सदस्यों का अब भी कस्तूरबा गांधी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
देश में अब तक कुल 324 मामले
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 60 से ज्यादा नए मामले सामने आने के साथ यह संख्या बढ़कर 324 हो गई है।