Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर फर्जी छापेमारी, तीन गिरफ्तार

 

नई दिल्ली। हिन्दी फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर उत्तर पश्चिमी जिले के नेताजी सुभाष पैलेस इलाके में रविवार को फर्जी छापेमारी हुई। नेताजी सुभाष पैलेस, पीतमपुरा के पर्लस औमेक्स प्लाजा टॉवर में तीन महिलाएं अपने एक साथी के साथ चौथी मंजिल स्थित एक ज्वलैरी शेरूम में घुसी। गले में क्राइम ब्रांच के आई कार्ड टांग रखे थे। शोरूम मालिक कुछ समझ पाता, इससे पहले उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर छापा मारने की बात कही।

चारों ने शोरूम के मालिक और उसके फोन आदि को कब्जे में ले लिया। मालिक भयभीत हो गया। उसे उसकी सीट पर बैठे रहने के लिए कहा गया। अंदर से गेट बंद कर दिया गया। किसी को आने-जाने की इजाजत नहीं दी। चारों ने पांच लाख की मांग की। तब मालिक को शक हुआ। उसने जैसे-तैसे नेताजी सुभाष पैलेस थाना पुलिस को सूचना दी। इस बीच एक लड़की फरार हो गई, जबकि तीन लोगों को दबोच लिया गया।

आरोपितों की पहचान दीपक कुमार, उसकी पत्नी ज्योति और एक अन्य महिला पूनम सेठी के रूप में हुई। तीनों के पास से चार मोबाइल फोन, नेशनल क्रॉइम इंटेलिजेंस ब्यूरो और दोस्त पुलिस के फर्जी आई कार्ड बरामद हुए। एक अन्य फरार महिला आरोपित की तलाश की जा रही है।

डीसीपी विजयंता आर्या ने बताया कि रविवार को नेताजी सुभाष पैलेस पुलिस को जौहरी ने बताया कि कुछ लोग उसके शोरूम में घुसकर पांच लाख रुपये की वसूली करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपितों में तीन महिलाएं हैं। खुद को क्राइम ब्रांच का बता रहे हैं। एसएचओ सतीश कुमार की देखरेख में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शोरूम की तरफ आने जाने वाले रास्तों पर घेराबंदी की। शोरूम में घुसते ही तीन को कब्जे में ले लिया गया, जबकि उनकी एक महिला साथी फरार हो गई।

आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला कि फरार महिला जौहरी के बारे में जानकारी रखती थी। शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की वसूली करने की कोशिश की गई थी। ऐसा नहीं करने पर उसको धमकी दी थी कि उसके कारोबार बुरा असर पड़ेगा। आरोपित दीपक गाजियाबाद का रहने वाला है। उसका रियल स्टेट और टूर एंड ट्रैवल्स का कारोबार पिछले कुछ महीने से कम चल रहा था। पूनम से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क में आने पर दोनों ने स्पेशल 26 की योजना बनाई थी। जिसमें दीपक ने अपनी पत्नी ज्योति को भी साथ में ले लिया था।

पूनम नेशनल क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो के नाम से संस्था चलाती है। पूनम पर शक है कि वह इस तरह से कई लोगों को धमकी देकर वसूली कर चुकी होगी। पुलिस गहन छानबीन कर रही है।