नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट में जिस दिन गेल 500 छक्के जमाने वाले पहले खिलाड़ी बने उसी दिन एक उपलब्धि इस फ्रंट पर धोनी के हाथ भी लगी, जिसने उन्हें ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव दिलाया। जी हां, जैसा कि आप सोच रहे हैं धोनी अब सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इस वक्त इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी के नाम पर 350 छक्के हैं। ये छक्कों की वो संख्या है जहां तक अभी कोई दूसरा भारतीय बल्लेबाज पहुंच नहीं सका है। धोनी ने ये कामयाबी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 गेंदों पर 40 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए हासिल की। करीब 174 की स्ट्राइक रेट से खेली धोनी की इस पारी में 3 छक्के शामिल थे।
इसी मुकाबले में विराट कोहली ने इंटरनेशनल T20 में सबसे ज्यादा चौके लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की। विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20 में 38 गेंदों पर नाबाद 72 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इन 2 चौकों की बदौलत उन्होंने सबसे ज्यादा 223 चौके के तिलकरत्ने दिलशान के रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके अलावा विराट ने अपने 6 छक्कों के जरिए T20I में 50 छक्के भी पूरे किए और अब उनके नाम कुल 54 छक्के दर्ज हैं। T20I में छक्कों का अर्धशतक लगाने वाले विराट 5वें भारतीय हैं। उनसे पहले रोहित, युवराज, रैना और धोनी ये कमाल कर चुके हैं।