Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कार हादसा : भाजपा सांसद रूपा गांगुली का बेटा अरेस्ट, पीएम मोदी को किया ट्वीट

 

 

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली के बेटे आकाश मुखर्जी को पुलिस ने गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोप था कि वह शराब के नशे में धुत होकर तेजी से वाहन चला रहे थे। उनके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 279 यानी लापरवाही से वाहन चलाते हुए लोगों की जान खतरे में डालने की धारा, 427 यानी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और 184 यानी सरकारी काम में बाधा देने के आरोप के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिक तौर पर पुलिस ने दावा किया था कि आकाश मुखर्जी नशे में धुत होकर वाहन चला रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से पहले उन्हें देर रात एमआर बांगुर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया। हालांकि मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शुक्रवार दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस बारे में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कहा गया है कि पुलिस ने राजनीतिक पूर्वाग्रह की वजह से आकाश मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। पहले पुलिस ने कहा था वह नशे में था लेकिन बाद में जब मेडिकल जांच में पता चला कि उनके खून में अल्कोहल का कोई प्रमाण नहीं मिला है तब भी उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया इस बारे में सवाल खड़े हो रहे हैं।

बेटे के हादसे का शिकार होने की बात पता चलते ही भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने तुरंत एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा- मेरा बेटा मेरे आवास के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। मैंने पुलिस को फोन किया ताकि वह इसके कानूनी पहलुओं को देखे… कृपया कोई पक्ष नहीं लिया जाए/कोई राजनीति न की जाए। मैं अपने बेटे से प्यार करती हूं और उसका ध्यान रखूंगी लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए। 

इसके ठीक नीचे एक और बात लिखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग भी किया, लिखा- न मैं गलत करती हूं, न गलत सहती हूं। मैं बिकाऊ नहीं हूं।

हालांकि इसके ठीक आधे घंटे बाद सांसद गांगुली ने अपने पहले ट्वीट को जोड़ते हुए एक और ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा- कितना मजाकिया है… मैंने उससे (बेटे से) दोपहर में करीब 3 बजे ही बात की थी… लंच और दूसरी जरूरी चीजों के बारे में हमने बात की… अब मीडिया से मुझे कुछ भद्दी टिप्पणियां सुनने को मिल रही हैं। इस ट्वीट में उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा।