Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

‘बायोडाटा’ वाली पार्टी नहीं है भाजपा : जेपी नड्डा

 

नागपुर। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भाजपा बॉयोडाटा वाली पार्टी नहीं है। टिकट के लिए कार्यकर्ता अपनी सिर्फ दो आंखों से नेता की ओर देखता है, लेकिन कार्यकर्ता के बॉयोडाटा को देखने के लिए पार्टी में कई आंखें होती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में कार्य करते समय मेरा क्या होगा का भाव रखना ही पर्याप्त नहीं है। कार्यकर्ताओं को यह भी सोचना होगा कि उन्होंने संगठन को क्या दिया। चुनाव जीतने के लिए बूथ इकाई को मजबूत बनाना होगा।

जेपी नड्डा बुधवार को नागपुर के सुरेशभट्ट सभागार में पार्टी के विदर्भ अंचल के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, सह-राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) वी. सतीश, पार्टी की प्रदेश प्रभारी सरोज पांडे, राज्य सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, कृषि मंत्री अनिल बोंडे समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

संगठन कार्य और विचारधारा का महत्व समझाते हुए नड्डा ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी को छोड़ भाजपा ही देश में विचारधारा की राजनीति से जुड़ी है। शेष दल भटके हुए हैं। उनमें भाई-भतीजावाद है। भाजपा की सदस्य संख्या 54 दिनों में 17 करोड़ तक पहुंच गई है। दुनिया के 193 देशों में 7 देशों की जनसंख्या को छोड़ अन्य देशों में जितनी जनसंख्या नहीं है उतनी भाजपा की सदस्य संख्या है।

नड्डा ने अनुच्छेद-370 के निष्प्रभावी बनाने, ट्रिपल तलाक को खत्म करने के अलावा अन्य बिंदुओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल लोगों को गुमराह करती रही है। अनुच्छेद-370 के कारण जम्मू-कश्मीर में दलित, आदिवासी व महिलाओं को संवैधानिक अधिकार से वंचित रहना पड़ा है। डॉ. आंबेडकर ने इस अनुच्छेद का विरोध किया था।