Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पति ने कोर्ट में पेशी पर आई पत्नी की चाकू से गोदकर की हत्या

 

दौसा (राजस्थान)। दौसा जिला एवं सत्र न्यायालय में फैसला सुनने के लिए पेशी पर आई एक महिला की उसके पति ने कोर्ट परिसर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस वारदात से वहां मौजूद हर कोई स्तब्ध रह गया। इसका विरोध कर रहे वकीलों ने एक पुलिसकर्मी पर वकील के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक प्रह्लादसिंह को कोर्ट में बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। महिला पर अपनी ही बेटी को बेचने का आरोप था। इसी सिलसिले में वह कोर्ट में पेशी पर आई थी।

शीला नाम की महिला के पति अमरचंद ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कम्प मच गया। न्यायिक अधिकारी भी अपने-अपने कक्ष से बाहर आ गए। महिला के पति ने उस पर चाकू से करीब 18 वार किए। हमले में महिला लहूलुहान हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत दौसा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित अमरचंद को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
कोर्ट परिसर में हत्याकांड के बाद स्थानीय वकीलों ने पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। वकीलों ने न्यायालय परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है पुलिस ने खून से लथपथ महिला को अस्पताल ले जाने में तत्परता नहीं दिखाई। जो वकील घायल महिला को अस्पताल ले जाने चाहते थे उनके साथ भी अभद्रता की गयी। नाराज वकीलों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।