Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भाजपा ने 13 राज्यों के विधानसभा उपचुनाव के लिए किया उम्मीदवारों को ऐलान, उप्र से इन्हें मिला टिकट

 

नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। भाजपा ने 13 राज्यों के लिए कुल 32 उम्मीदवारों की घोषणा की। ये नाम असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, केरल, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तरप्रदेश राज्यों के लिए घोषित किए गए।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने इन नामों की घोषणा की। भाजपा कार्यालय के बयान के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को अंतिम रूप दिया। इन 32 सीटों में से 10 सीट उत्तर प्रदेश, पांच सीट केरल, चार सीट असम, दो—दो सीट हिमाचल प्रदेश, पंजाब और सिक्किम तथा एक—एक सीट बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना से है।

बता दें कि देश के विभिन्न राज्यों की 51 विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को उपचुनाव होने वाले हैं। इसी दिन हरियाणा और महाराष्ट्र में भी राज्य विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें कहा गया है कि भाजपा शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा जल्द करेगी।

यूपी में 10 उम्मीदवारों की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनावों के लिए 10 उम्मीदवारों की घोषणा की। यह उपचुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। भाजपा ने नवरात्रि के पहले दिन उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें वरिष्ठ नेता सुरेश तिवारी को लखनऊ कैंट सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर 2017 में रीता बहुगुणा जोशी ने जीत हासिल की थी। जोशी के इस साल की शुरुआत में लोकसभा के लिए चुने जाने से यह सीट खाली हुई है।

रामपुर से भरत भूषण गुप्ता उम्मीदवार 

रामपुर से भाजपा ने भरत भूषण गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। इससे जया प्रदा को झटका लगा है, जो समाजवादी पार्टी से इस सीट को छीनना चाहती थी। जया प्रदा ने यहां तक कि शुक्रवार को इस सीट से प्रचार शुरू कर दिया था। रामपुर सीट को समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद आजम खान का गढ़ माना जाता है, खान वर्तमान में लोकसभा सांसद हैं। भाजपा द्वारा घोषित अन्य उम्मीदवारों में गंगोह से किरत सिंह, गोविंद नगर (कानपुर) से सुरेंद्र मैथानी, इगलास से राजकुमार सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) से आनंद शुक्ला, जैदपुर (बाराबंकी) से अंबरीश रावत, अंबेडकर नगर के जलालपुर से राजेश सिह, बहराइच के बल्हा से सरोज सोनकर व घोसी से विजय राजभर शामिल हैं.

प्रतापगढ़ से उम्मीदवार की घोषणा नहीं

भाजपा ने प्रतापगढ़ से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर 2017 में उसके सहयोगी अपना दल ने जीत हासिल की थी। उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटें जिन पर उपचुनाव होने हैं, विधायकों के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और राज्य विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई हैं। टुंडला सीट पर उप चुनाव नहीं आयोजित हो रहे हैं, क्योंकि यह सीट विचाराधीन है। जिन सीटों पर उप चुनाव कराए जा रहे हैं। इनमें से रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा था, जबकि जलालपुर सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने 2017 में जीत हासिल की थी और बाकी की सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थीं। उप चुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं और 24 अक्टूबर को मतगणना होनी है।

समाजवादी पार्टी ने जारी की दूसरी सूची

उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची आने के बाद रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मोहर लगने के बाद दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में घोसी से सुधाकर सिंह, मानिकपुर से निर्भय सिंह पटेल, जैदपुर से गौरव रावत, जलालपुर से सुभाष राय और प्रतापगढ़ से बृजेश वर्मा पटेल को सपा का उम्मीदवार बनाया गया है।