Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

2024 के लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के होंगे दावेदार

पार्टी के दूसरे सबसे नेता मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई जांच के बीच ‘आप’ ने कहा है कि अगले लोकसभा चुनाव में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही पीएम मोदी को टक्कर देंगे। पार्टी का कहना है कि मोदी वर्सेज हू का जवाब मिल गया है और मोदी का विकल्प केजरीवाल ही बन सकते हैं। हालांकि, 2014 में पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी सीट से चुनाव लड़ने वाले केजरीवाल को ना सिर्फ उस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था, बल्कि सैकड़ों उम्मीदवारों को लड़ाने के बावजूद पार्टी को सिर्फ पंजाब में 4 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं, 2019 में पार्टी को महज एक सीट पर जीत मिली थी।

दिल्ली के बाद पंजाब में सत्ता हासिल करने वाली ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल का हौसला बुलंद है और वह इस समय भाजपा के सबसे बड़े गढ़ गुजरात में पूरा जोर लगा रहे हैं। इसके अलावा हिमाचल में भी पार्टी पैर जमाने की कोशिश में है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि गुजरात में पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर पाती है तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार में काफी मदद मिलेगी। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के गढ़ में यदि पार्टी विपक्ष का भी स्थान हासिल कर पाती है तो वह इस नैरेटिव को मजबूत कर पाएगी कि भाजपा का मुकाबला कांग्रेस नहीं ‘आप’ कर सकती है। अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में ‘मेक इंडिया नंबर वन’ कैंपेन की शुरुआत की है। उन्होंने इसका ऐलान करते हुए कहा कि वह देशभर में जाएंगे और 130 करोड़ लोगों का गठबंधन तैयार करेंगे। पार्टी ने राष्ट्रवाद, सॉफ्ट हिंदुत्व और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे वादों के साथ अपना वोट बेस बढ़ाने की कोशिश की है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि केजरीवाल अपनी पार्टी को बीजेपी का विकल्प बनाना चाहते हैं और इसके लिए वह बीजेपी के अजेंडे को भी हथियाने की कोशिश करते दिख रहे हैं