Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रोहित शर्मा को विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने दिया करारा जबाव, लिखी ये बातें

 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में मतभेद खुलकर सामने आए थे और दैनिक जागरण ने उसे सबसे पहले आपके सामने भी रखा था। अब यह विवाद सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और वनडे व टी-20 टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा के बीच आपसी मतभेद उस समय खुलकर सामने आ गए जब रोहित ने सोशल साइट इंस्टाग्राम से विराट की पत्नी और बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का शर्मा को अनफॉलो कर दिया।

विराट और रोहित इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं बोल रहे लेकिन अब यह स्पष्ट दिखने लगा है कि टीम में खटास है। 32 वर्षीय रोहित, विराट को भी कुछ समय से इंस्टाग्राम पर फॉलो नहीं करते हैं लेकिन मजेदार बात यह है कि विराट अभी भी रोहित को इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलो करते हैं। हालांकि रोहित की पत्नी रितिका सजदेह भारतीय कप्तान को फॉलो नहीं करती हैं। वहीं इस्टाग्राम पर अनुष्का भी ना तो रोहित को और ना ही उनकी पत्नी रितिका को फॉलो करती हैं।

इंग्लैंड में हुए विश्व कप के दौरान दैनिक जागरण ने आपको बताया था कि अंबाती रायुडू को 15 सदस्यीय टीम में नहीं चुनने, विजय शंकर के चयन और अंतिम-11 में खराब प्रदर्शन के बावजूद कुछ खिलाडि़यों के चयन से टीम इंडिया में मतभेद हैं। विश्व कप में रोहित ने शानदार प्रदर्शन किया था और रिकॉर्डतोड़ पांच शतकों जड़े थे। वहीं विराट ने भी पांच अर्धशतक जड़ते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था।

अनुष्का का पलटवार : रोहित शर्मा द्वारा अनफॉलो किए जाने के बाद अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाला जिसने आग में घी डालने का काम किया। अनुष्का ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा की जिसमें उन्होंने उपकप्तान रोहित को निशाना बनाया है। अनुष्का ने अपनी स्टोरी में लिखा है कि एक बुद्धिमान इंसान ने एक बार भी कुछ नहीं कहा। सच कभी झूठ के दिखावे में नहीं पड़ता है।

सीओए का इन्कार : भारतीय कप्तान और उपकप्तान के बीच दरार की खबरों को प्रशासकों की समिति (सीओए) के प्रमुख विनोद राय ने निराधार बताया है। विराट और रोहित के बीच विवाद को लेकर किए गए सवाल को बेबुनियाद बताते हुए विनोद राय ने कहा कि ये सभी कहानियां मीडिया द्वारा गढ़ी जा रही हैं। सीओए ने कहा कि जब तक दोनों में से कोई एक खिलाड़ी इस मुददे को लेकर सवाल नहीं उठाता तब तक इस पर कोई चर्चा नहीं की जाएगी।