Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

तूफान फानी से लड़ने के लिए भारत ने किए बेहतर प्रयास, पूरी दुनिया में हो रही तारीफ

नई दिल्ली। भारत के पूर्वी तट पर स्थित ज्यादातर राज्य इस समय चक्रवाती तूफान फानी से लड़ रहे हैं। इस तूफान की वजह से इन राज्यों में भारी बारिश के साथ-साथ काफी तेज गति से हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह से ओडिशा, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में लाखों लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और तूफान से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए सरकार भी लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं अब ओडिशा के इस प्रयास की तारीफ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। चक्रवाती तूफान ओडिशा से बंगाल तक पहुंचने के बाद अब बांग्लादेश का रुख करने वाला है। इस तूफान की तबाही का सामना करने वाले ओडिशा ने दुनिया को बड़ी सीख दी है और अब संयुक्त राष्ट्र में भी इसकी तारीफ हो रही है। राज्य प्रशासन ने अपनी बेहतर प्लानिंग के जरिए ही जनहानि को कई गुना कम कर दिया है। जिसने एक मिसाल पेश की है।

इस प्रयास के लिए भारतीय मौसम विभाग की भी तारीफ की जा रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ की डिजास्टर मिटिगेशन एजेंसी ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से चक्रवाती तूफान फानी की पूर्व चेतावनियों की अचूक सटीकता की तारीफ की है। बताते चलें कि फानी तूफान ने ओडिशा में बीते शुक्रवार को दस्तक दी थी और यह अब तक के सबसे खतरनाक तूफानों में से एक था। लेकिन राज्य सरकार की बेहतर प्लानिंग की वजह से सिर्फ 10 लोगों की मौत की खबर ही सामने आई है।

इसकी वजह से अब ओडिशा सरकार की तारीफ हो रही है। बताते चलें कि इससे पहले ओडिशा में आए ऐसे ही भीषण तूफान की वजह से राज्य में 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। वहीं अब फानी से लड़ने के लिए राज्य सरकार ने जो प्रयास किए और इसके प्रभाव को जिस तरह से कम किया, वह वाकई काबिले तारीफहै।