Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नेपाल से छोड़ा गया दो लाख क्यूसेक पानी, नारायणी नदी उफनाई

 

कुशीनगर। मूसलाधार बारिश व नेपाल के बाल्मीकनगर बैराज से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण कुशीनगर में नारायणी नदी उफना गई है। इससे नदी किनारे गांवों में बसे ग्रामीण भयभीत हो गए है। शनिवार को जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण कर शासन को रिपोर्ट भेजी है।

शनिवार भोर में सुबह आठ बजे एका-एक नदी का जलस्तर बढ़ गया। पता चला कि नेपाल ने अपने बाल्मीकि नगर बैराज से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है। इससे बांध के किनारे रहने वाले लोगों की धड़कने बढ़ गई है। एपी बांध के किमी 1 से 1.480 जंगली पट्टी व किमी 3 घघवा जगदीश-जवही दयाल तक बांध पर नदी का दबाव कायम है। इसके अलावा किमी 12 नोनियापट्टी व किमी 14 अहिरौलीदान में भी दबाव कायम है। किमी 12 नोनियापट्टी में कटान शुरु हो गई है। हालांकि बाढ़ खंड की टीम मौके पर कैंप कर संवेदनशील प्वाइंटों पर नजर रखी हुई है।

जिलाधिकारी डॉ.अनिल कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक राजीव नारायण मिश्र ने अहिरोलीदान बन्धे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से उनकी समस्या और बचाव के बारे में जानकारी ली। डीएम ने बताया कि पूरी स्थिति पर निगाह है। बचाव व मरम्मत कार्य चल रहा है। शासन को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है।