Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अयोध्या : राम बारात से पूर्व हुई हल्दी की रस्म, गुरुवार को जनकपुरधाम के लिए रवाना होगी

 

 

 

अयोध्या। “सिय रघुवीर बिबाहु जे सप्रेम गावहिं सुनहिं, तिन्ह कहुं सदा उछाहु मंगलायतन राम जस… के अनुरूप अयोध्या की भावभूमि कारसेवकपुरम में श्रीसीताराम विवाहोत्सव का आनंद चरम पर है। जनकपुर में भगवान के विवाहोत्सव का मुख्य समारोह आयोजित होगा। इससे पूर्व बुधवार को भगवान श्रीराम सहित चारों भाईयों के स्वरूप को हल्दी लगाकर विधिवत मंत्रोच्चारण कर पूजन किया गया।

प्रभु श्रीराम समेत दशरथ नंदन कुमारों की भव्य बारात बाजे-गाजे के साथ धूमधाम से गुरुवार को कारसेवकपुरम से प्रातः नौ बजे जनकपुरधाम के लिए प्रस्थान करेगी। वहां एक दिसम्बर को विधि-विधान से पाणिग्रहण संस्कार की रस्म भी पूरी की जाएगी। दो दिसम्बर को कुंवर कलेवा का आनंददायी क्षण भी आएगा, जब वधू पक्ष की ओर से अखिल ब्रह्माण्ड नायक परात्पर ब्रह्म को ही दूल्हा सरकार के रूप में गारियों से नवाजा जाएगा ‘चारों दूल्हा में बड़का कमाल सखिया, आज लोढ़ा से सेकाई इनके गाल सखिया…। तीन दिसम्बर को प्रातः श्रीराम विवाह बारात यात्रा माता जानकी को साथ लेकर वापस प्रस्थान करेगी और अयोध्या की सीमा पर स्वागत होगा।

जनकपुरधाम बारात यात्रा प्रस्थान से पूर्व बुधवार को दशरथ की भूमिका का निर्वाह कर रहे अयोध्या संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास, महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में दिगंबर अनी के मंत्री महंत वैष्णो दास तथा महर्षि विश्वामित्र बने हरिद्वार सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर के महंत डॉक्टर वैष्णोदास ने हल्दी रस्म को पूर्ण कराया। इस दौरान वैदिक विद्वान पंडित इंद्र देव मिश्र, वेद विद्यालय के आचार्य दुर्गा प्रसाद गौतम, नारद भट्टाराई, आचार्य पवन शुक्ल ने कलश पूजन तथा अन्य अनुष्ठानों को संपन्न कराया।
इस अवसर के साक्षी विश्व हिन्दू परिषद प्रबंध समिति के सदस्य पुरुषोत्तम नारायण सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री अमरीश, बारात यात्रा के संयोजक राजेंद्र सिंह ‘पंकज’, विहिप प्रवक्ता शरद शर्मा, 84 कोसी परिक्रमा प्रभारी सुरेंद्र, भाजपा नेता विनोद जायसवाल, कोष प्रमुख वीरेंद्र कुमार, डॉक्टर कुसुम लता अग्रवाल आदि बने।