Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हाउडी मोदी में ट्रम्प ने कहा-इस्लामिक आतंकवाद से मिलकर लड़ेंगे

 

 

ह्यूस्टन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यहां कहा कि अमेरिका और भारत अंतरिक्ष में सहयोग बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। दोनों देश रक्षा सहयोग भी बढ़ा रहे हैं, दोनों देशों की सेनाओं ने हाल ही में साथ में अभ्यास किया है। चरमपंथी इस्लामिक आंतकवाद से निर्दोष लोगों को हम साथ मिलकर बचाएंगे। ट्रम्प आज यहां आयोजित ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में एकत्रित 50 हजार से अधिक भारतवंशियों को सम्बोधित कर रहे थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारतीय समुदाय को धन्यवाद देते हुए कहा कि आप हमारी संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं, आपने अमेरिका के लिए काफी योगदान दिया है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के साथ ही भारत के लिए भी सीमा की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और अवैध प्रवासी एक गंभीर खतरा हैं।

ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भरोसेमंद दोस्त बताते हुए कहा कि मोदी भारत के लिए काफी अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले भारत में चुनाव हुए और लोगों ने मोदी और उनकी पार्टी के लिए मतदान किया। मैं उन्हें बधाई देता हूं। इसके साथ ही ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई भी दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मैं आपके साथ दोनों देशों को और समृ्द्ध बनाने पर काम करना चाहता हूं। अमेरिका में भारतीय कंपनियां हजारों लोगों को रोजगार दे रही हैं। अमेरिका में अभूतपूर्व निवेश हो रहा है। भारत अमेरिका में अभूतपूर्व तरीके से निवेश कर रहा है, हम भी भारत में ऐसा ही कर रहे हैं।

ट्रम्प ने कहा कि हमारे दोनों देशो के रिश्ते लोकतंत्र की बुनियाद पर खड़े हैं। दोनों देशों में कानून के हिसाब से शासन चलता है। दोनों देशों का संविधान ‘वी द पीपल’ जैसे तीन महान शब्दों के साथ शुरू होता है।

ट्रम्प ने भारत आने की अपनी इच्छा कुछ इस अंदाज में व्यक्त की, ‘अगले साल एनबीए बास्केट बॉल खेल देखने के लिए हजारों लोगों मुंबई में जुटेंगे, क्या पीएम साहब मैं आमंत्रित हूं? अगर आप बुलाएंगे तो मैं आ सकता हूं।’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच आज रिश्ते काफी प्रगाढ़ हो चुके हैं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं भारत के हित के लिए अब तक का सबसे अच्छा मित्र (डोनाल्ड ट्रम्प) ह्वाइट हाउस में है।