Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अटल बिहारी वाजपेयी को पुण्यतिथि पर उनकी कविताओं से याद कर दी श्रद्धांजलि

वाराणसी। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को युवाओं ने नम आंखों के बीच उनकी कविताओं से भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। शहर और ग्रामीण अंचल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और साहित्यकारों कवियों ने भारतीय राजनीति के शलाका पुरूष को श्रद्धासुमन अर्पित किया। वहीं युवा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अटल जी को याद कर नमन करते रहे।

भाजपा स्वच्छता प्रकल्प काशी क्षेत्र के बैनर तले लक्सा स्थित पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर पार्टी के पितामह को कार्यकर्ताओं ने याद किया। अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रख कायकर्ताओं ने उनके ओजस्वी भाषणों और कविताओं को पढ़ विराट व्यक्तित्व को सुनाया।

प्रकल्प के काशी क्षेत्र संयोजक अनूप जायसवाल ने कहा कि अटल जी हमेशा भारत के परमाणु शक्ति से लैस होने की वकालत करते थे। उन्होंने साफ तौर कहा था जब पड़ोसी देश चीन परमाणु हथियार से लैस है, तो भारत अपनी रक्षा के लिए इससे वंचित क्यों रहे?। निशस्त्रीकरण सम्मेलन में उनकी दलीलें आज भी भारतीय राजनीति के कूटनीतिक इतिहास में मिल का पत्थर है। बाद में जब अटल जी प्रधानमंत्री हुए, तो दूसरी बार उनकी सरकार के अगुवाई में परमाणु परीक्षण हुआ। भारत की सामरिक शक्ति की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी। अन्य वक्ताओं ने अटल सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों खास कर प्रधानमंत्री सड़क योजना,राष्ट्रीय राजमार्ग का खास तौर पर उल्लेख किया। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि धीरेन्द्र शर्मा, ओमप्रकाश यादव, मंगलेश, साकेत चौरसिया, प्रदीप जायसवाल आदि शामिल रहे।

इसी तरह भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अटल जी की विशाल होर्डिग लगवा कर चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किया। कार्यकर्ताओं ने अटल जी की कालजयी पक्तियां ‘बाधाएं आती हैं आयें घिरे प्रलय की घोर घटाए,पावों के नीचे अंगारे, सिर पर बरसे यदि ज्वालाएं, निज हाथों में हंसते-हंसते, आग लगाकर जलना होगा, कदम मिलाकर चलना होगा…पढ़कर उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी धनश्याम शाही ने परिषद के जम्मू कश्मीर में आयोजित कार्यक्रम में अटल जी की भागीदारी का पुराना फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर श्रद्धांजलि दी। शाही ने लिखा कि अटल जी भारतीय राजनीति के युगपुरुष, राष्ट्रनीति के पुरोधा, कुशल प्रशासक थे।

भाजपा ने अपने महान नेता वाजपेयी को उनकी कविताओं के जरिए किया याद

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने महान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी ने दिवंगत नेता की कविताओं को उद्धृत करते हुए उनको नमन किया।

भाजपा ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष, असंख्य कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक एवं हमारे प्रेरणा स्रोत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि। इसके साथ पार्टी ने एक वीडियो भी ट्वीट किया।

भाजपा ने अपने दिग्गज नेता को याद करते हुए एक के बाद एक कई ट्वीट किए। साथ में वाजपेयी द्वारा लिखी गईं कुछ कविताएं भी पोस्ट कीं। कविता की पंक्ति‘लौट के आऊंगा, कूच से क्यों डरूं’ का जिक्र करते हुए पार्टी ने कहा कि ऐसा था देश के प्रिय अटल जी का विराट व्यक्तित्व। ‘मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूं,लौटकर आऊंगा, कूच से क्यों डरूं?’ जैसी कई कविताओं के जरिए भाजपा ने अपने महान नेता को याद किया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का 94 वर्ष की आयु में गत वर्ष 16 अगस्त को निधन हो गया था। वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री रहे थे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद. उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर उनकी समाधि ‘सदैव अटल’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।