Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कांग्रेस के इस बड़े नेता ने अपनाए बगावती तेवर, शीर्ष नेतृत्व पर……

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव में करारी मात मिलने के बाद अब राज्यों के चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी के लिए शुभ संकेत नजर नही आ रहे हैं। नेतृत्व के संकट से जूझ रही कांग्रेस को अब राज्यों में भी अपने नेताओं के बागी तेवरों से जूझना पड़ रहा हैं। महाराष्ट्र राज्य के कद्दावर कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने बगावती तेवर अपनाते हुए शीर्ष नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा है।

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी पर जमकर निशाना साधते हुए उनकी समझ पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ’दिल्ली में बैठे लोगों में समझ की कमी है। पार्टी ने योग्य लोगों के साथ न्याय नहीं किया है।

कांग्रेस पार्टी का पूरा मॉडल ही दोषयुक्त है। कांग्रेस में अब फीडबैक सिस्टम खत्म हो गया है।’ निरुपम ने आरोप लगाया है कि ’कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जुड़े कुछ बड़े नेता साजिश रच रहे हैं। जो लोग राहुल गांधी के साथ जुड़े हैं, उन्हें साजिश रचकर पार्टी में अलग-थलग किया जा रहा है।’

उन्होंने वर्सोवा सीट से अपने उम्मीदवार को कांग्रेस द्वारा टिकट नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए। साथ ही यह दावा किया कि महाराष्ट्र में चार सीटों को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर कांग्रेस पार्टी की जमानत जब्त हो जाएगी। गौरतलब है कि कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करने से भी निरुपम ने मना कर दिया है।

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पसंद के उम्मीदवारों को कांग्रेस द्वारा टिकट नहीं दिए जाने से संजय निरुपम नाराज हैं और उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का भी संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह लंबे समय तक कांग्रेस में नहीं रह पाएंगे।