Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर हुई इतनी

 

मुंबई। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में मंगलवार को कोरोना के दो नए मरीज पाए गए हैं। इसलिए राज्य में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 41 तक पहुंच गई है। इनमें सर्वाधिक 17 पुणे में, 7 मुंबई में, 4 नागपुर में, 3 यवतमाल में, 3 नवी मुंबई में, 3 कल्याण में और रायगढ़, औरंगाबाद, अहमदनगर व ठाणे में एक-एक कोरोना मरीज पाए गए हैं। इन सभी मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है और सभी का इलाज जारी है।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि कस्तूरबा अस्पताल में जिस 65 वर्षीय कोरोना मरीज की मौत हुई है, वह 5 मार्च को दुबई से मुंबई लौटा था। अमेरिका से 7 मार्च को लौटे एक 49 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज को आज कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसी तरह पुणे स्थित भोसरी इलाके में 26 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह 14 मार्च को अमेरिका से लौटा था। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 105 संभावित कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक राज्य में कोरोना प्रभावित देशों से 1169 यात्री महाराष्ट्र आए हैं और उनकी जांच की गई। इनमें से 900 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इनमें से 779 के जांच नमूने निगेटिव पाए गए हैं, सिर्फ 41 लोगों के नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कोरोना प्रभावित देशों से आए 1169 यात्रियों में से 442 यात्रियों ने 14 दिन का कोर्स पूरा कर लिया है, उन्हें उनके घरों में भेज दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दिल्ली से राष्ट्रीय रोग नियंत्रण संस्था की टीम सोमवार व मंगलवार को पुणे में कोरोना ग्रस्त मरीजों से मिल चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को भीड़-भाड़ भरी जगहों पर न जाने, जरुरत होने पर ही घर से निकलने, साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।