Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शराब के नशे में टल्ली दूल्हे को देख दुल्हन ने लौटाई बारात

 

 

ऋषिकेश। बैंड बाजे की धुन पर नाचते गाते बारात लेकर पहुंचे दूल्हे की शादी में उस समय रंग में भंग पड़ गया, जब दूल्हा शराब के नशे में टल्ली होकर दुल्हन के घर पहुंचा। दुल्हन ने दूल्हे को टल्ली देखकर शादी करने से इनकार कर बारात को बैरंग लौटा दिया। दूल्हा पक्ष को साढ़े तीन लाख रुपये देकर अपनी जान छुड़ानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, आईडीपीएल स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी में शनिवार की रात को एक बारात हरिद्वार स्थित पीली पड़ाव लाल ढांग से आई थी। दुल्हन पक्ष के लोगों ने शाम के समय बारात आने पर भव्य स्वागत करते हुए उन्हें दावत भी दी। सब कुछ हंसी खुशी चल रहा था कि रात्रि में जब बैंड बाजे के साथ बारात दुल्हन के घर पहुंची और दूल्हा गाड़ी से नीचे उतर कर स्वागत के लिए जाने लगा तो वह अचानक लड़खड़ा कर गिर गया। दूल्हे के साथियों ने उठाकर उसे खड़ा किया और स्वागत द्वार तक ले जाया गया। दूल्हे को शराब के नशे में टल्ली देखकर दुल्हन बिफर गई और शादी से इनकार करते हुए बारात को वापस करने पर अड़ गई। मामला बढ़ता देख दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष को शादी पर हुए साढ़े तीन लाख रुपये खर्च को दे समझौता कर मामले को सुलझा लिया।